ढाबा संचालक से मारपीट की शिकायत पर धरमजयगढ़ थाने का प्रधान आरक्षक निलंबित, आरक्षक लाइन अटैच

- रायगढ़ में पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई: एसएसपी शशि मोहन सिंह ने शिकायत को गंभीरता से लेते हुए दिए जांच के निर्देश, एसडीओपी धरमजयगढ़ करेंगे प्राथमिक जांच
रायगढ़, 25 सितंबर 2026। धरमजयगढ़ थाना क्षेत्र के बिहारी ढाबा संचालक से कथित मारपीट और अशोभनीय आचरण की शिकायत के मामले में रायगढ़ पुलिस ने तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह ने शिकायत के प्रथम दृष्टया परीक्षण के बाद थाना धरमजयगढ़ के प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं आरक्षक विजय राठिया को रक्षित केंद्र पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
जानकारी के अनुसार, बिहारी ढाबा संचालक मोंटू गुप्ता ने 24 सितंबर 2026 को पुलिस अधीक्षक कार्यालय रायगढ़ पहुंचकर एसएसपी शशि मोहन सिंह को लिखित शिकायत दी थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 23 सितंबर की रात थाना धरमजयगढ़ के प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी सहित अन्य पुलिसकर्मी ढाबे पर पहुंचे थे। इस दौरान विवाद की स्थिति बनी और ढाबा संचालक के साथ मारपीट किए जाने का आरोप लगाया गया।
शिकायत मिलने के बाद एसएसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित पुलिसकर्मियों से पूछताछ की और शिकायतकर्ता का पक्ष भी सुना। प्रारंभिक परीक्षण में प्रधान आरक्षक प्रकाश गिरी गोस्वामी के कर्तव्य निर्वहन में लापरवाही और अनुशासनहीनता प्रथम दृष्टया पाए जाने पर उन्हें निलंबित करने की कार्रवाई की गई। वहीं आरक्षक विजय राठिया के खिलाफ ढाबा संचालक के साथ अशोभनीय आचरण किए जाने का मामला प्रथम दृष्टया सामने आने पर उन्हें रक्षित केंद्र पुलिस लाइन अटैच किया गया है।
मामले की निष्पक्ष और विस्तृत जांच के लिए एसएसपी ने एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी को प्राथमिक जांच कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। मामले में फिलहाल जांच जारी है।




