Chhattisgarh

जांजगीर-चांपा में आकाशीय बिजली का कहर: अलग-अलग घटनाओं में 4 लोगों की मौत, 3 घायल; गांवों में पसरा मातम

जांजगीर-चांपा, 19 सितम्बर। छत्तीसगढ़ के जांजगीर-चांपा जिले में शनिवार को आकाशीय बिजली ने जमकर कहर बरपाया। जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में बिजली गिरने की घटनाओं में कुल चार लोगों की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल बताए जा रहे हैं। लगातार हुई इन घटनाओं से प्रभावित गांवों में शोक का माहौल है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

पहली घटना बलौदा थाना क्षेत्र के ग्राम महुदा में हुई। यहां आकाशीय बिजली की चपेट में आने से तीन लोगों की मौत हो गई। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय नरेश खैरवार, 32 वर्षीय रामभरोश पटेल और 51 वर्षीय तुलसी राम पटेल के रूप में हुई है। घटना के दौरान तीन अन्य लोग भी आकाशीय बिजली की चपेट में आकर घायल हो गए।

आकाशीय बिजली गिरने के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तत्काल बलौदा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है। घटना की जानकारी मिलते ही संबंधित पुलिस और प्रशासनिक अमला भी सक्रिय हुआ। हादसे के बाद महुदा गांव में मातम का माहौल है और मृतकों के परिवारों में शोक की लहर है।

इसी तरह दूसरी घटना अकलतरा क्षेत्र में सामने आई। यहां सीसीआई के पास आकाशीय बिजली गिरने से 55 वर्षीय दूजराम जाटवर की मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस द्वारा घटना के संबंध में आगे की प्रक्रिया की जा रही है।

एक ही दिन में जिले के अलग-अलग हिस्सों में आकाशीय बिजली गिरने से चार लोगों की मौत की घटनाओं ने लोगों को झकझोर दिया है। अचानक हुई इन घटनाओं से ग्रामीण क्षेत्रों में भी दहशत का माहौल है। प्रशासन की ओर से लोगों से बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों पर जाने से बचने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की जाती है।

Related Articles

Back to top button