Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ की बेटी बनीं वर्ल्ड टॉपर : श्रिया श्रुति मिश्रा ने IB डिप्लोमा में 45/45 अंक हासिल कर रचा इतिहास

रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में जन्मी श्रिया श्रुति मिश्रा ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। कोयंबटूर के चिन्मय इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल (CIRS) की छात्रा श्रिया ने इंटरनेशनल बैकलॉरिएट(IB) डिप्लोमा प्रोग्राम में 45 में से पूरे 45 अंक प्राप्त कर दुनिया के चुनिंदा छात्रों में अपना स्थान बनाया है। यह उपलब्धि IB जैसे विश्व के सबसे कठिन प्री-यूनिवर्सिटी पाठ्यक्रमों में बेहद दुर्लभ मानी जाती है।

कठिन विषयों के साथ हासिल की ऐतिहासिक सफलता
श्रिया ने हायर लेवल में गणित, फिजिक्स और इकोनॉमिक्स जैसे चुनौतीपूर्ण विषयों का अध्ययन किया। वहीं स्टैंडर्ड लेवल में केमिस्ट्री, अंग्रेजी और हिंदी विषय चुने। कठिन विषयों के इस संयोजन में पूर्ण अंक हासिल करना उनकी असाधारण प्रतिभा और मेहनत को दर्शाता है।

रायपुर से शुरू हुआ शिक्षा का सफर
श्रिया का जन्म रायपुर में हुआ, जहां उन्होंने अपनी प्रारंभिक शिक्षा रायपुर के ज्ञान गंगा एजुकेशनल अकादमी में तीसरी कक्षा तक प्राप्त की। इसके बाद वे छठी कक्षा में चिन्मय इंटरनेशनल रेजिडेंशियल स्कूल (CIRS), कोयंबटूर में दाखिल हुईं। दसवीं तक उन्होंने CBSE पाठ्यक्रम से पढ़ाई की और फिर 11वीं-12वीं के लिए इंटरनेशनल बैकलॉरिएट (IB) डिप्लोमा प्रोग्राम को चुना।

पढ़ाई के साथ खेल और थिएटर में भी रहीं आगे
श्रिया केवल पढ़ाई में ही नहीं, बल्कि थिएटर, खेलकूद और छात्र नेतृत्व गतिविधियों में भी सक्रिय रही हैं। उन्होंने पढ़ाई और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों के बीच शानदार संतुलन बनाकर अपनी बहुमुखी प्रतिभा का परिचय दिया।

प्रशासनिक सेवा से जुड़ा है परिवार
श्रिया की मां सोनल वर्मा मिश्रा तमिलनाडु कैडर की IPS अधिकारी हैं और वर्तमान में सीआरपीएफ, नई दिल्ली में महानिरीक्षक (Inspector General) के पद पर कार्यरत हैं। उनके पिता संतोष मिश्रा IAS अधिकारी रहे हैं और विभिन्न वरिष्ठ प्रशासनिक पदों पर अपनी सेवाएं दे चुके हैं। दोनों ने छत्तीसगढ़ में भी अलग-अलग जिम्मेदारियों का निर्वहन किया है।

दुनिया के सबसे कठिन पाठ्यक्रमों में से एक है IB
इंटरनेशनल बैकलॉरिएट (IB) डिप्लोमा प्रोग्राम को दुनिया के सबसे चुनौतीपूर्ण स्कूल पाठ्यक्रमों में गिना जाता है। इसमें 45 में 45 अंक हासिल करना बेहद दुर्लभ उपलब्धि है, जिसे हर वर्ष दुनिया के बहुत कम छात्र प्राप्त कर पाते हैं। श्रिया को दुनिया के कई प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों से छात्रवृत्ति के साथ प्रवेश के प्रस्ताव मिले हैं। उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ कैलिफोर्निया, लॉस एंजिलिस (UCLA) से बैचलर्स की पढ़ाई करने का निर्णय लिया है।

Related Articles

Back to top button