कोरबा में रेलवे ट्रैक किनारे मिला युवक का शव, चलती ट्रेन से गिरकर खंभे से टकराने की आशंका

कोरबा, 2 मई 2026। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में शनिवार सुबह एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहां उरगा थाना क्षेत्र के मड़वारानी केबिन के पास रेलवे ट्रैक किनारे एक युवक का शव संदिग्ध अवस्था में मिला। शव रेलवे के बिजली खंभे के तार से लिपटा हुआ था, जिससे प्रारंभिक तौर पर यह आशंका जताई जा रही है कि युवक चलती ट्रेन से गिरकर खंभे से टकरा गया होगा।
घटना की सूचना मिलते ही स्टेशन मास्टर ने तत्काल पुलिस को अवगत कराया, जिसके बाद उरगा पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस के मुताबिक यह घटना देर रात की बताई जा रही है। प्राथमिक जांच में यह संभावना सामने आई है कि युवक किसी यात्री ट्रेन के गेट पर खड़ा होकर सफर कर रहा था और अचानक संतुलन बिगड़ने से वह खंभे से जा टकराया।
मृतक युवक की उम्र करीब 24 वर्ष आंकी गई है। वह काले रंग का लोअर, टी-शर्ट और जूते पहने हुए था। उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि मौके पर पंचनामा कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फिलहाल युवक की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस मृतक की शिनाख्त के लिए आसपास के गांवों में मुनादी करवा रही है और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म, विशेष रूप से व्हाट्सएप ग्रुप्स के जरिए जानकारी साझा की जा रही है। शव के पास से किसी प्रकार का पहचान पत्र या दस्तावेज बरामद नहीं हुआ है, जिससे पहचान में दिक्कत आ रही है। पुलिस का कहना है कि पहचान होने के बाद ही युवक के बारे में विस्तृत जानकारी सामने आ सकेगी।
इस मामले में रेलवे पुलिस भी सक्रिय हो गई है और अपने स्तर पर जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि गर्मी और भीड़ के चलते अक्सर यात्री ट्रेन के दरवाजे पर खड़े होकर सफर करते हैं, जिससे इस तरह के हादसे होने की संभावना बढ़ जाती है।
फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर लिया है और पूरे मामले की जांच जारी है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है, ताकि घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।




