Chhattisgarh

अंधविश्वास ने ली बुजुर्ग महिला की जान, हथौड़ी से सिर और चेहरे पर किए वार; हत्या के आरोप में चार गिरफ्तार

बलरामपुर, 12 नवंबर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले में जादू-टोने के अंधविश्वास ने एक बुजुर्ग विधवा महिला की जान ले ली। दो महिलाओं की बीमारी से हुई मौत के लिए एक बुजुर्ग महिला को जिम्मेदार मानते हुए चार लोगों ने मिलकर उसकी हत्या की साजिश रची। आरोपियों ने रात में घर में घुसकर महिला के सिर और चेहरे पर हथौड़ी से ताबड़तोड़ वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना पस्ता थाना क्षेत्र के ग्राम सरगवां पंडोपारा की है। मृतका की पहचान रजपतिया पंडो के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, गांव में करीब दो से तीन सप्ताह के भीतर दो महिलाओं की बीमारी के कारण मौत हो गई थी। इनमें आरोपी देवकुमार देवांगन की बड़ी मां ठुमरी और मुनेश अगरिया की मां सिबनी शामिल थीं। दोनों की मौत के बाद देवकुमार और मुनेश ने रजपतिया पंडो पर जादू-टोना करने का संदेह जताना शुरू कर दिया। वे महिला को टोनही मानने लगे और इसी अंधविश्वास के चलते उसकी हत्या की योजना बना ली।

घर में घुसकर हथौड़ी से किया हमला

पुलिस के अनुसार, 9 नवंबर की रात करीब 9 बजे चारों आरोपी योजनाबद्ध तरीके से रजपतिया पंडो के घर पहुंचे। इनमें रामप्रसाद पंडो और शिवनाथ नगेशिया घर के बाहर पहरा देने लगे, जबकि देवकुमार देवांगन और मुनेश अगरिया घर के अंदर दाखिल हुए। दोनों ने महिला पर परिवार की महिलाओं की मौत का जिम्मेदार होने का आरोप लगाया और हथौड़ी से उसके सिर और चेहरे पर कई वार कर दिए। गंभीर चोटों के कारण बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद सभी आरोपी वहां से फरार हो गए।

सौतेले बेटे ने खाट पर देखा मां का शव

10 नवंबर की सुबह करीब 7:30 बजे रजपतिया का सौतेला बेटा जेठू पंडो उनका हाल जानने घर पहुंचा। काफी देर तक मां को नहीं देखने पर वह उनके घर गया, जहां दरवाजा खुला हुआ था। अंदर पहुंचने पर उसने अपनी मां को खाट पर मृत अवस्था में पाया। उनके शरीर पर चोट के निशान थे और आसपास खून पड़ा हुआ था। इसके बाद पुलिस को घटना की सूचना दी गई।

डॉग स्क्वायड की मदद से पुलिस ने सुलझाया मामला

सूचना मिलते ही पस्ता TI निरीक्षक पुष्पराज साहू के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास के लोगों से पूछताछ की गई और आरोपियों तक पहुंचने के लिए डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई। जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि शिवनाथ नगेशिया का मृतका के घर आना-जाना था। संदेह के आधार पर उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में उसने हत्या की साजिश और वारदात में शामिल अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने बाकी तीन आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया।

हत्या के आरोप में चार आरोपी गिरफ्तार

पुलिस ने इस मामले में देवकुमार देवांगन (26), मुनेश अगरिया (45), शिवनाथ नगेशिया (56) और रामप्रसाद पंडो (35) को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, देवकुमार और मुनेश ने घर के अंदर घुसकर बुजुर्ग महिला पर हथौड़ी से हमला किया था, जबकि शिवनाथ और रामप्रसाद बाहर पहरा दे रहे थे।

बताया गया है कि रजपतिया पंडो के पति की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी थी और वह अपने अलग मकान में अकेले रहती थीं। उनके सौतेले बेटे उनकी देखभाल करते थे। बीमारी से हुई दो महिलाओं की मौत को जादू-टोने से जोड़कर बुजुर्ग महिला की हत्या किए जाने की इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। पुलिस ने चारों आरोपियों को गिरफ्तार कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button