कोरबा में नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ के आरोप में 67 वर्षीय व्यवसायी गिरफ्तार, POCSO एक्ट में भेजा जेल

कोरबा, 26 अगस्त । कोरबा में नाबालिग किशोरी से छेड़छाड़ और अश्लील हरकत करने के आरोप में सिटी कोतवाली पुलिस ने 67 वर्षीय व्यवसायी चेतन चौधरी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पावर हाउस रोड स्थित शारदा टेलीकॉम का संचालक बताया गया है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई की है। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।
पुलिस के अनुसार, 16 वर्षीय किशोरी ने सिटी कोतवाली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में किशोरी ने आरोप लगाया कि चेतन चौधरी उसके साथ अश्लील हरकतें करता था। विरोध करने पर आरोपी द्वारा गाली-गलौज किए जाने का भी आरोप है। घटना से परेशान किशोरी ने इसकी जानकारी अपने परिजनों को दी। इसके बाद परिजन किशोरी को लेकर सिटी कोतवाली थाना पहुंचे और मामले की शिकायत पुलिस से की।
शिकायत मिलने के बाद सिटी कोतवाली पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की। मामला नाबालिग से संबंधित होने के कारण पुलिस ने पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए आरोपी की तलाश शुरू कर दी। हालांकि एफआईआर दर्ज होने के बाद आरोपी फरार हो गया था।
फरारी के दौरान आरोपी ने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए आवेदन प्रस्तुत किया था। सुनवाई के दौरान विशेष लोक अभियोजक सुनील कुमार मिश्रा ने अग्रिम जमानत का विरोध किया। उन्होंने न्यायालय के समक्ष मामले की गंभीरता और नाबालिग पीड़िता से जुड़े होने का हवाला दिया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायालय ने आरोपी की अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी।
अग्रिम जमानत आवेदन खारिज होने के बाद भी आरोपी पुलिस की गिरफ्त से बाहर था। पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी हुई थी। मंगलवार 25 अगस्त को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी शहर में ही छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी कर चेतन चौधरी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आरोपी को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक मामले की जांच जारी है। पीड़िता के बयान और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।




