कोरबा के बरपाली विद्युत वितरण केन्द्र में बढ़ी बिजली समस्या, कनिष्ठ अभियंता सलोमी टोप्पो को हटाने की मांग तेज

कोरबा। बरपाली विद्युत वितरण केन्द्र की कार्यप्रणाली को लेकर जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। कार्यपालन अभियंता, विद्युत वितरण विभाग कोरबा को पत्र लिखकर कनिष्ठ अभियंता सलोमी टोप्पो को तत्काल हटाने की मांग की गई है। जनप्रतिनिधियों ने आरोप लगाया है कि उनकी नियुक्ति के बाद से क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था पूरी तरह लचर हो गई है और उपभोक्ताओं को लगातार परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
मामले को लेकर जनपद पंचायत करतला के अध्यक्ष, उपाध्यक्ष मनोज झा तथा जनपद सभापति नीता यादव ने विद्युत विभाग को पत्र भेजकर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि कनिष्ठ अभियंता सलोमी टोप्पो बरपाली वितरण केन्द्र में पदस्थ हैं, लेकिन उनका निवास कोरबा में है। आरोप है कि वे क्षेत्रीय समस्याओं को गंभीरता से नहीं ले रही हैं, जिससे बिजली व्यवस्था चरमरा गई है।
जनप्रतिनिधियों ने बताया कि ग्राम पंचायत गिधौरी में आयोजित जनसमस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों ने बिजली व्यवस्था को लेकर कई शिकायतें दर्ज कराईं। शिकायत में कहा गया कि संबंधित अधिकारी उपभोक्ताओं और जनप्रतिनिधियों के फोन तक रिसीव नहीं करतीं। उनकी निष्क्रियता का असर पूरे विद्युत स्टाफ पर पड़ रहा है और छोटी-छोटी तकनीकी समस्याओं के कारण घंटों बिजली बंद रहना आम बात हो गई है।
ग्रामीणों का कहना है कि लगातार बिजली बाधित होने से घरेलू उपभोक्ताओं के साथ किसानों और व्यवसायियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्र में बढ़ती नाराजगी को देखते हुए जनपद पंचायत करतला की बैठक में भी कनिष्ठ अभियंता को तत्काल हटाने का प्रस्ताव पारित किया गया है।
जनप्रतिनिधियों ने विद्युत विभाग से मांग की है कि बरपाली वितरण केन्द्र में किसी सक्रिय और जिम्मेदार कनिष्ठ अभियंता की तत्काल नियुक्ति की जाए, ताकि क्षेत्र की बिजली व्यवस्था में सुधार हो सके और उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।
वहीं इस पूरे मामले को लेकर स्थानीय लोगों में आक्रोश देखा जा रहा है। लोगों का कहना है कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ, तो आंदोलन किया जा सकता है।




