Chhattisgarh

KORBA NEWS :जटगा में किराए के मकान से 6.5 टन रेलवे पटरी बरामद, कबाड़ चोर गिरोह पर पुलिस की नजर

कोरबा,08 अक्टूबर 2026। छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत बिछाई जा रही नई रेल लाइन की पटरियों पर कबाड़ चोर गिरोह की नजर होने का मामला सामने आया है। बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र के बाद अब जटगा चौकी क्षेत्र में पुलिस ने एक किराए के मकान से बड़ी मात्रा में रेलवे की कटी हुई पटरी बरामद की है। पुलिस ने मौके से करीब 6.5 टन यानी 6,480 किलोग्राम वजन की 36 नग रेलवे पटरी जब्त की है। इसके अलावा चार ऑक्सीजन सिलेंडर, गैस कटर, घरेलू गैस सिलेंडर सहित अन्य उपकरण और एक स्वराज माजदा वाहन भी बरामद किया गया है।

मामला जटगा चौकी क्षेत्र के ग्राम बरबसपुर का है। पुलिस के अनुसार, यहां आखिर लाल के पक्के मकान को राजू कुमार नामक युवक ने किराए पर लिया था। बताया जा रहा है कि राजू कुमार छत्तीसगढ़ रेल कॉरिडोर के तहत नई रेल लाइन निर्माण कार्य में लगी एक निजी कंपनी में काम करता था। पुलिस को सूचना मिलने के बाद किराए के मकान में दबिश दी गई, जहां बड़ी मात्रा में रेलवे की कटी हुई पटरी मिली।

पुलिस की कार्रवाई की भनक लगते ही राजू कुमार मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश कर रही है। कटघोरा एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने बताया कि ग्राम बरबसपुर स्थित किराए के मकान से 36 नग रेलवे पटरी बरामद की गई है, जिसका कुल वजन करीब 6,480 किलोग्राम है। मौके से गैस कटर और सिलेंडर समेत अन्य सामान भी जब्त किया गया है।

जटगा चौकी प्रभारी भीम यादव ने बताया कि बरामद रेलवे सामग्री के संबंध में संबंधित रेल विभाग के अधिकारियों को सूचना दी गई है। नई रेल लाइन का निर्माण कर रही संबंधित कंपनी के अधिकारियों को भी बुलाकर बरामद पटरियों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रेलवे की पटरी मकान तक कैसे पहुंची और इसमें कितने लोग शामिल हैं।

इतनी बड़ी मात्रा में रेलवे की पटरी बरामद होने के बाद पुलिस को आशंका है कि इसके पीछे संगठित कबाड़ चोरी का नेटवर्क हो सकता है। सीमावर्ती क्षेत्रों में चोरी के रेलवे माल को खपाने की संभावना को देखते हुए भी जांच की जा रही है। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में रेलवे पटरी चोरी के पूरे नेटवर्क और इसमें शामिल अन्य लोगों के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी सामने आने की उम्मीद है। फिलहाल पुलिस फरार आरोपी की तलाश के साथ पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।

Related Articles

Back to top button