Chhattisgarh

कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन एनटीपीसी कोरबा की नई कार्यकारिणी गठित

कोरबा, 26 सितंबर। कॉन्ट्रैक्टर्स एसोसिएशन एनटीपीसी कोरबा की महत्वपूर्ण बैठक 25 सितंबर को आयोजित की गई। बैठक में संगठन के विस्तार, ठेकेदारों की समस्याओं, आपसी समन्वय एवं भविष्य की कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की गई। बैठक में उपस्थित सभी सदस्यों की सर्वसम्मति से एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी का गठन किया गया।

नई कार्यकारिणी में संरक्षक बसंत मिश्रा, संरक्षक अमित शंकर कश्यप, अध्यक्ष विपिन कुमार, सचिव श्याम बाबू यादव, सह-सचिव प्रदीप पाण्डेय तथा कोषाध्यक्ष जसवीर सिंह को जिम्मेदारी सौंपी गई।

बैठक में संगठन को मजबूत बनाने, ठेकेदारों के हितों की रक्षा करने तथा एनटीपीसी कोरबा में ठेकेदारों से संबंधित विभिन्न विषयों को उचित मंच पर प्रभावी ढंग से उठाने पर सहमति बनी। इसके साथ ही ठेकेदारों से संबंधित निविदा, कार्यादेश, भुगतान, कार्य-विस्तार, सुरक्षा एवं प्रशासनिक समस्याओं सहित अन्य विषयों के समाधान के लिए संबंधित विभागों के साथ समन्वय स्थापित करने का निर्णय लिया गया।

नवनियुक्त अध्यक्ष विपिन कुमार ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि संगठन की एकता एवं मजबूती के लिए सभी सदस्यों का सहयोग आवश्यक है। उन्होंने कहा कि संगठन ठेकेदारों की समस्याओं को व्यवस्थित रूप से संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखकर उनके समाधान का प्रयास करेगा।

सचिव श्याम बाबू यादव ने कहा कि एसोसिएशन के सभी सदस्यों की समस्याओं को संबंधित अधिकारियों एवं प्रबंधन के समक्ष रखा जाएगा तथा उनके समाधान के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएंगे।

बैठक के अंत में नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं। साथ ही संगठन में एकता, पारदर्शिता, आपसी सहयोग एवं ठेकेदारों के हित में मिलकर कार्य करने का संकल्प लिया गया।

Related Articles

Back to top button