ऑपरेशन आघात: रायगढ़ के खेदापाली में 30 लीटर महुआ शराब के साथ महिला गिरफ्तार, छाल पुलिस की बड़ी कार्रवाई

रायगढ़, 8 जुलाई। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन आघात” के तहत छाल पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम खेदापाली में एक महिला को 30 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस ने मौके से करीब 6 हजार रुपये मूल्य की महुआ शराब जब्त कर आरोपिया के खिलाफ छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन में जिलेभर में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत थाना छाल पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि ग्राम खेदापाली में एक महिला अपने घर के समीप इमली के पेड़ के नीचे अवैध रूप से महुआ शराब बेच रही है।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक नासिर खान के निर्देशन में सहायक उप निरीक्षक शिव खरे के नेतृत्व में पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और घेराबंदी कर छापेमार कार्रवाई की। पुलिस ने महिला को ग्राहकों को महुआ शराब बेचते हुए रंगे हाथ पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान महिला के कब्जे से 15-15 लीटर क्षमता की दो प्लास्टिक जरीकेन में भरी कुल 30 लीटर महुआ शराब बरामद हुई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत करीब 6,000 रुपये बताई गई है। पुलिस ने मौके पर शराब जब्त कर आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की।
गिरफ्तार महिला की पहचान सविता सतनामी (27 वर्ष), पति झंगलूराम सतनामी, निवासी ग्राम खेदापाली, थाना छाल, जिला रायगढ़ के रूप में हुई है। आरोपिया के विरुद्ध धारा 34(2) एवं 59(क) छत्तीसगढ़ आबकारी अधिनियम के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस पूरी कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक शिव खरे, प्रधान आरक्षक अशोक देवांगन, शंकर सिंह क्षत्री, शंभू पाण्डेय तथा महिला आरक्षक रंजिता चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। रायगढ़ पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा और ऐसे मामलों में संलिप्त लोगों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी।



