Chhattisgarh

एसईसीएल मुख्यालय में राजभाषा पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ, हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग पर दिया जोर

बिलासपुर, 12 सितम्बर 2026। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय में 12 सितंबर 2026 को राजभाषा पखवाड़ा 2026 का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर आयोजित राजभाषा पखवाड़ा उद्घाटन समारोह की अध्यक्षता निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने की। कार्यक्रम में मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन तथा निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चंद्र महापात्र विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में विभिन्न विभागों के विभागाध्यक्ष, अधिकारी-कर्मचारी और श्रमसंघ प्रतिनिधियों ने सहभागिता की।

कार्यक्रम की शुरुआत अतिथियों द्वारा मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और माल्यार्पण के साथ हुई। इस दौरान हिंदी के कार्यालयीन कार्यों में अधिकाधिक उपयोग, राजभाषा के प्रति जागरूकता और कर्मचारियों की सहभागिता को लेकर वक्ताओं ने अपने विचार रखे।

निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने कहा कि हिंदी देशवासियों को एकसूत्र में पिरोने का कार्य करती है। उन्होंने हिंदी को सरल, सुगम और सुबोध भाषा बताते हुए कहा कि पूरे देश में इसकी व्यापक स्वीकार्यता है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से कार्यालयीन कार्यों में हिंदी का अधिक से अधिक प्रयोग करने का आह्वान किया। साथ ही राजभाषा पखवाड़े के दौरान आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।

मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन ने कहा कि हिंदी आपसी संवाद को सहज और प्रभावी बनाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग से कार्यों में सरलता और सहजता आती है। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को अपने दैनिक कार्यों में हिंदी के अधिकाधिक प्रयोग को बढ़ावा देना चाहिए और राजभाषा के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए।

निदेशक तकनीकी (संचालन) रमेश चंद्र महापात्र ने हिंदी को समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और राष्ट्रीय एकता का महत्वपूर्ण आधार बताया। उन्होंने कहा कि हिंदी के माध्यम से विचारों को सहजता से व्यक्त किया जा सकता है। कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को और अधिक बढ़ावा देने की आवश्यकता है। उन्होंने राजभाषा पखवाड़े को हिंदी के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर बताया।

समारोह में केंद्रीय कोयला एवं खान मंत्री जी. किशन रेड्डी के संदेश का पठन महाप्रबंधक (एम.एम.) अनुराग अग्रवाल ने किया। वहीं केंद्रीय कोयला राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे के संदेश का पठन महाप्रबंधक (पेंशन/कल्याण विभाग/पीआरबी सेल) बी.सी. सेठी ने किया।

कार्यक्रम के दौरान प्रबंधक (राजभाषा) सविता निर्मलकर ने राजभाषा पखवाड़े के उद्देश्यों और इसके अंतर्गत आयोजित होने वाली विभिन्न प्रतियोगिताओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राजभाषा पखवाड़े का मुख्य उद्देश्य कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देना और अधिकारियों-कर्मचारियों में हिंदी के प्रति सहभागिता एवं रुचि विकसित करना है।

पखवाड़े के दौरान हिंदी पत्र एवं टिप्पणी लेखन, हिंदी ज्ञान, कहानी लेखन, हिंदी व्याकरण, निबंध लेखन और हिंदी टंकण सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। एसईसीएल के सभी क्षेत्रों में भी राजभाषा पखवाड़ा 14 से 28 सितंबर 2026 तक आयोजित किया जाएगा। अधिकारियों और कर्मचारियों से इन प्रतियोगिताओं में अधिकाधिक संख्या में भाग लेने की अपील की गई है।

समारोह के समापन अवसर पर सविता निर्मलकर ने कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, विभागाध्यक्षों, अधिकारियों-कर्मचारियों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों और प्रतिभागियों के प्रति आभार व्यक्त किया। राजभाषा पखवाड़े के आयोजन से एसईसीएल में कार्यालयीन कार्यों में हिंदी के प्रयोग को बढ़ावा देने के साथ कर्मचारियों के बीच हिंदी के प्रति जागरूकता और सहभागिता बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है।

Related Articles

Back to top button