Chhattisgarh

आबकारी विभाग का एक्शन: शराब की बड़ी खेप के साथ 3 वाहन जब्त, दो नाबालिग सहित 3 पकड़ाए

जगदलपुर। बस्तर जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ आबकारी विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने 9 लाख रुपए से ज्यादा की शराब पकड़ी है। साथ ही तीन वाहनों को भी जब्त किया है। इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है और दो विधि से संघर्षरत बालक को हिरासत में लिया गया है। वहीं एक अन्य फरार आरोपी की तलाश जारी है।

दरअसल, मुखबिर की सूचना पर आबकारी विभाग की जगदलपुर रेंज की टीम ने दरभा थाना क्षेत्र के छोटे कड़मा में दबिश देकर मध्यप्रदेश ब्रांड की अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप पकड़ी। कार्रवाई के दौरान टीम ने कुल 1261.8 बल्क लीटर शराब यानी 7010 नग बोतलें बरामद की हैं। इसकी अनुमानित कीमत 9 लाख 46 हजार रुपये बताई गई है। शराब के परिवहन में इस्तेमाल तीन वाहनों को भी जब्त किया गया है।

मामले में एक आरोपी प्रवीण बघेल को गिरफ्तार किया, जबकि 2 विधि से संघर्षरत बालकों को निरुद्ध किया गया हैं। वहीं इस पूरी कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी सुनील सेठिया मौके से भागने में कामयाब हो गया है। आबकारी विभाग ने आबकारी अधिनियम के विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

Related Articles

Back to top button