Chhattisgarh

कोरिया में जंगली हाथी का आतंक, व्यापारियों से भरे माजदा वाहन के सामने आया गजराज, जान बचाने कूदे लोग

कोरिया, 23 नवंबर। छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में मानव-हाथी संघर्ष की आशंका के बीच एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। सोनहत-रामगढ़ मार्ग पर तुर्रिपानी जंगल के पास अचानक एक विशालकाय जंगली हाथी व्यापारियों से भरे माजदा वाहन के सामने आ गया। हाथी को सामने देखकर वाहन में सवार लोगों के बीच अफरा-तफरी मच गई। अपनी जान बचाने के लिए कई व्यापारियों को वाहन से कूदकर भागना पड़ा। इस दौरान एक व्यापारी घायल हो गया।

मिली जानकारी के अनुसार, घटना आज दोपहर करीब 2 बजे की है। बताया जा रहा है कि 10 से 15 व्यापारियों को लेकर एक माजदा वाहन सोनहत-रामगढ़ मार्ग से होते हुए साप्ताहिक बाजार जा रहा था। इसी दौरान तुर्रिपानी जंगल के पास अचानक सड़क पर एक विशालकाय हाथी आ गया। हाथी को सामने देखकर चालक घबरा गया और वाहन को पीछे करने की कोशिश करने लगा। इसी दौरान माजदा वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे स्थित गड्ढे में फंस गया।

जान बचाने वाहन से कूदकर भागे व्यापारी

वाहन के गड्ढे में फंसते ही उसमें सवार व्यापारियों के बीच दहशत फैल गई। हाथी के करीब होने के कारण लोग अपनी जान बचाने के लिए वाहन से कूदकर इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान एक व्यापारी गिरकर घायल हो गया, जिसे हल्की चोट आई है। वहीं, दो महिलाएं डर के कारण वाहन के अंदर ही छिपी रहीं। बताया जा रहा है कि हाथी कुछ देर तक माजदा वाहन के पास ही खड़ा रहा, जिससे मौके पर भय का माहौल बना रहा।

हाथी के जंगल लौटने के बाद ली राहत की सांस

राहत की बात यह रही कि जंगली हाथी ने किसी भी व्यापारी पर हमला नहीं किया। कुछ देर तक वाहन के पास रुकने के बाद हाथी वापस जंगल की ओर चला गया। इसके बाद व्यापारियों ने राहत की सांस ली। गौरतलब है कि यह घटना गुरु घासीदास-तमोर पिंगला टाइगर रिजर्व क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले जंगल में हुई है। इस घटना ने एक बार फिर वन क्षेत्रों से गुजरने वाले मार्गों पर हाथियों की मौजूदगी और लोगों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है।

Related Articles

Back to top button