हेरोइन (चिट्टा) बेचते 3 तस्कर गिरफ्तार, 15 ग्राम नशीला पदार्थ जब्त; मुख्य सप्लायर की तलाश जारी

धमतरी, 07 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए हेरोइन (चिट्टा) की बिक्री में संलिप्त तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन, नकद रकम, इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन और मोबाइल फोन सहित कुल 3 लाख 53 हजार 520 रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। पुलिस अब इस मामले में सामने आए कथित मुख्य सप्लायर की तलाश में जुटी है।
SP भावना पांडेय के निर्देशन में जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ ‘ऑपरेशन निश्चय’ चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत 7 नवंबर 2026 को थाना सिटी कोतवाली और स्पेशल टीम को संयुक्त कार्रवाई में यह सफलता मिली।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सोरिद नगर स्थित शीतला मंदिर के पास कुछ युवक हेरोइन (चिट्टा) लेकर बिक्री के लिए ग्राहक तलाश रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर तीन संदिग्ध युवकों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से 15 ग्राम हेरोइन बरामद हुई, जिसकी अनुमानित कीमत 3 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तार आरोपियों में केशव उर्फ बब्लू सोनी (24 वर्ष), निवासी रिसाई पारा, शुभम सोनी (19 वर्ष), निवासी जोधापुर वार्ड और आशुतोष उर्फ आशु तिवारी (25 वर्ष), निवासी आमा तालाब रोड, धमतरी शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 15 ग्राम हेरोइन के अलावा 9 हजार रुपये नकद, एक इलेक्ट्रॉनिक तौल मशीन, तीन एंड्रॉइड मोबाइल फोन और दो लाइटर जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 3,53,520 रुपये आंकी गई है।
पूछताछ के दौरान आरोपियों के मेमोरेंडम कथन के आधार पर मामले में एक कथित मुख्य सप्लायर का नाम सामने आया है। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास कर रही है। तीनों आरोपियों के खिलाफ थाना सिटी कोतवाली धमतरी में एनडीपीएस एक्ट की धारा 21(बी) के तहत अपराध दर्ज किया गया है। आरोपियों को विशेष एनडीपीएस न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से नशे के अवैध कारोबार में शामिल लोगों की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की है। पुलिस ने सूचना देने वालों की पहचान गोपनीय रखने का भरोसा दिलाते हुए नशामुक्त धमतरी बनाने में सहयोग मांगा है।




