हवा में बंद हुआ अलायंस एयर का एक इंजन, 54 यात्रियों की जान खतरे में, फिर…

दिल्ली,12 सितंबर । बिलासपुर से दिल्ली जा रही अलायंस एयर की फ्लाइट में करीब 30 हजार फीट की ऊंचाई पर एक इंजन ने अचानक काम करना बंद कर दिया। विमान में क्रू मेंबर्स समेत 54 लोग सवार थे। पायलट ने तुरंत एटीसी से संपर्क कर मे-डे कॉल जारी की। घटना की जानकारी मिलते ही दिल्ली के इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर फुल इमरजेंसी घोषित कर दी गई। रनवे पर फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और मेडिकल टीमों को तैनात किया गया। पायलट ने एक इंजन के सहारे विमान की सुरक्षित लैंडिंग कराई।
बताया गया कि विमान ने शुक्रवार सुबह करीब 10:45 बजे बिलासपुर से प्रयागराज के लिए उड़ान भरी थी। प्रयागराज में लैंडिंग के बाद दोपहर करीब 12:33 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुआ और मेरठ के आसपास एक इंजन में तकनीकी खराबी आ गई।घटना के बाद डीजीसीए ने जांच के आदेश दिए हैं। करीब दो सप्ताह में अलायंस एयर से जुड़ी यह दूसरी गंभीर तकनीकी घटना है। इससे पहले 28 अगस्त को दिल्ली-बिलासपुर फ्लाइट का टायर रनवे पर फट गया था। लगातार घटनाओं ने एयरलाइन की तकनीकी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।




