Chhattisgarh

शराब दुकानों में ओवररेटिंग और नियमों की अनदेखी पर आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, तीन उपनिरीक्षक निलंबित

रायपुर। छत्तीसगढ़ में शराब दुकानों में ओवररेटिंग, नियमों के विपरीत थोक में शराब बिक्री और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को लेकर आबकारी विभाग ने सख्त कार्रवाई की है। आबकारी आयुक्त ने अलग-अलग मामलों में तीन आबकारी उपनिरीक्षकों को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद विभाग में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, बलौदाबाजार में पदस्थ आबकारी उपनिरीक्षक पी. माधव राव के खिलाफ शराब दुकानों में निर्धारित कीमत से अधिक दर पर शराब बेचने यानी ओवररेटिंग के मामले में कार्रवाई की गई है। शिकायत और विभागीय जांच के बाद आबकारी आयुक्त ने उन्हें निलंबित कर दिया।

इसी तरह धमतरी में पदस्थ आबकारी उपनिरीक्षक आशा राम शाक्य पर शराब को निर्धारित नियमों के विपरीत थोक में बेचने का आरोप है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने उन्हें भी निलंबित कर दिया है। आबकारी विभाग की इस कार्रवाई से स्पष्ट है कि शराब बिक्री में निर्धारित नियमों की अनदेखी को लेकर विभाग अब सख्त रुख अपना रहा है।

वहीं, भ्रष्टाचार से जुड़े एक मामले में आबकारी उपनिरीक्षक संतोष नारंग के खिलाफ भी विभागीय कार्रवाई की गई है। EOW-ACB की ओर से मामले में न्यायालय के समक्ष चालान पेश किए जाने के बाद आबकारी आयुक्त ने संतोष नारंग को निलंबित कर दिया।

एक साथ तीन आबकारी उपनिरीक्षकों के निलंबन की कार्रवाई के बाद विभागीय स्तर पर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। शराब दुकानों में ओवररेटिंग, नियमों के विपरीत बिक्री और भ्रष्टाचार जैसे मामलों को लेकर विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठते रहे हैं। ऐसे में आबकारी विभाग की यह कार्रवाई महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

विभाग की ओर से स्पष्ट किया गया है कि शराब बिक्री में निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में भी शराब दुकानों की जांच और अनियमितताओं के खिलाफ कार्रवाई तेज की जा सकती है।

Related Articles

Back to top button