रायपुर में साइबर जागृति अभियान: पुलिस कमिश्नर ने व्यापारिक और सामाजिक संगठनों के साथ की बैठक

रायपुर। बढ़ते साइबर अपराध और ऑनलाइन ठगी की घटनाओं को रोकने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा प्रदेशभर में 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक “साइबर जागृति अभियान” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की ओर से शहर के विभिन्न व्यापारिक, औद्योगिक, सामाजिक और परिवहन संगठनों के पदाधिकारियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में साइबर अपराध से बचाव और आम लोगों को जागरूक करने के लिए संगठनों की सक्रिय भागीदारी पर जोर दिया गया।

सिविल लाइन स्थित सी/04 भवन के सभाकक्ष में आयोजित बैठक की अध्यक्षता पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने की। उन्होंने उपस्थित प्रतिनिधियों को वर्तमान समय में सामने आ रहे साइबर अपराधों और ऑनलाइन ठगी के नए तरीकों की विस्तार से जानकारी दी। पुलिस कमिश्नर ने कहा कि साइबर अपराध से बचाव के लिए जागरूकता और सतर्कता सबसे प्रभावी उपाय है।
बैठक में डिजिटल अरेस्ट, ऑनलाइन निवेश के नाम पर ठगी, फर्जी कस्टमर केयर, ओटीपी और बैंकिंग फ्रॉड, फर्जी लिंक, सोशल मीडिया के जरिए ठगी, यूपीआई फ्रॉड तथा पुलिस या सरकारी अधिकारी बनकर की जाने वाली ऑनलाइन धोखाधड़ी जैसे मामलों पर चर्चा की गई। पुलिस कमिश्नर ने लोगों से ऐसे मामलों में किसी भी तरह की जल्दबाजी नहीं करने और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की।
पुलिस ने साइबर सुरक्षा के लिए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी। किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, एटीएम या डेबिट कार्ड की जानकारी, बैंक खाते का विवरण, यूपीआई पिन, पासवर्ड अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा नहीं करने को कहा गया। इसके अलावा अनजान लिंक पर क्लिक करने और सोशल मीडिया पर निजी जानकारी साझा करने से बचने की अपील की गई।
पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने व्यापारिक एवं सामाजिक संगठनों के पदाधिकारियों से अपने संस्थानों, प्रतिष्ठानों, कर्मचारियों, सदस्यों और आम नागरिकों तक साइबर सुरक्षा संबंधी जानकारी पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि पुलिस के जागरूकता संदेशों को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाकर साइबर ठगी की घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई जा सकती है।
बैठक में कैट एवं रायपुर ऑटो डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अमर परवानी, चेंबर ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष सतीश थोरानी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष दिनेश देवांगन, सर्राफा एसोसिएशन के अध्यक्ष हरम भगतानी, जवाहर बाजार व्यापारी संघ के अध्यक्ष सुभाष बजाज, क्रेडाई के अध्यक्ष मृणाल गोलछा, पंडरी कपड़ा मार्केट व्यवसायी संघ के अध्यक्ष सरल मोदी, उरला इंडस्ट्रीज एसोसिएशन के प्रतिनिधि तरल मोदी और अश्विन गर्ग, बस ओनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अनिल पुसदकर तथा आईएमए के अध्यक्ष कुलदीप सोलंकी सहित विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा, सहायक पुलिस आयुक्त स्नेहिल साहू, सतीश ठाकुर सहित अन्य पुलिस अधिकारी भी उपस्थित रहे।
रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे खुद साइबर अपराध के प्रति जागरूक रहें और अपने परिवार, मित्रों, सहकर्मियों तथा परिचितों को भी साइबर ठगी से बचाव के उपायों की जानकारी दें। पुलिस के अनुसार सतर्कता और जागरूकता के जरिए ही साइबर अपराधों पर प्रभावी रूप से अंकुश लगाया जा सकता है।




