Chhattisgarh

सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख की ठगी, पति-पत्नी गिरफ्तार

भाटापारा, 20 अगस्त। छत्तीसगढ़ स्टेट पावर होल्डिंग कंपनी में ऑपरेटर पद पर सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 2 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने वाले पति-पत्नी को भाटापारा शहर पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धारा 420, 34 भादवि के तहत अपराध दर्ज कर कार्रवाई की है।

पुलिस के अनुसार, आरोपियों ने नौकरी लगाने का झांसा देकर पीड़ित से 2 लाख रुपये लिए थे। इसके बाद नौकरी नहीं लगने पर पीड़ित को ठगी का अहसास हुआ। शिकायत मिलने के बाद थाना भाटापारा शहर पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों में विरेन्द्र साहू, पिता स्व. बालमुकुंद साहू, उम्र 34 वर्ष, निवासी महावीर वार्ड भाटापारा, हाल निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर-01, एलआईजी-41, सड्डू रायपुर तथा उसकी पत्नी गामिनी साहू, उम्र 28 वर्ष, निवासी महावीर वार्ड भाटापारा/मिर्च चिल्हाटी, अंबागढ़, हाल निवासी हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी सेक्टर-01, एलआईजी-41, सड्डू रायपुर शामिल हैं।

पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की है। मामले में पुलिस द्वारा ठगी से जुड़े अन्य तथ्यों की भी जांच की जा रही है।

Related Articles

Back to top button