रोटरी क्लब कोरबा की नई कार्यकारिणी ने संभाली कमान, सतनाम सिंह मल्होत्रा बने अध्यक्ष

कोरबा,14 जुलाई 2026। रोटरी क्लब ऑफ कोरबा के 53वें चेंजओवर एवं पदस्थापना समारोह का आयोजन होटल ब्लू डायमंड में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। समारोह में वर्ष 2026-27 के लिए रोटेरियन सतनाम सिंह मल्होत्रा ने अध्यक्ष तथा मनोज कुमार अग्रवाल ने सचिव पद की शपथ लेकर नई कार्यकारिणी का कार्यभार संभाला। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व कैबिनेट मंत्री जयसिंह अग्रवाल थे, जबकि सहायक प्रांतपाल रोटेरियन आशीष अग्रवाल एवं पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।

कार्यक्रम की शुरुआत निवर्तमान सचिव संतोष जैन द्वारा वर्ष 2025-26 की सचिवीय प्रतिवेदन प्रस्तुति से हुई। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान, सामाजिक सेवा एवं जनकल्याण के क्षेत्र में क्लब द्वारा संचालित गतिविधियों का उल्लेख करते हुए सभी सदस्यों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने विश्वास जताया कि नई कार्यकारिणी समाज सेवा के कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगी।
इस अवसर पर निवर्तमान अध्यक्ष नितिन चतुर्वेदी एवं उनकी टीम के कार्यकाल की सराहना करते हुए नई कार्यकारिणी को शुभकामनाएं दी गईं। नवनियुक्त अध्यक्ष सतनाम सिंह मल्होत्रा ने समाज सेवा, स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण संरक्षण, रक्तदान एवं जनकल्याण के कार्यों को नई ऊर्जा के साथ आगे बढ़ाने का संकल्प दोहराया।
पूर्व महापौर राजकिशोर प्रसाद ने रोटरी क्लब के सामाजिक योगदान की सराहना करते हुए कहा कि स्वच्छता अभियान के दौरान क्लब ने नगर निगम के साथ मिलकर उल्लेखनीय कार्य किया, जिससे कोरबा को देश के स्वच्छ शहरों में पहचान दिलाने में महत्वपूर्ण योगदान मिला।
मुख्य अतिथि जयसिंह अग्रवाल ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि वे समाजहित के हर कार्य में सदैव सहयोग के लिए उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकारों से जुड़े प्रयासों में रोटरी क्लब की भूमिका सदैव प्रेरणादायी रही है।
समारोह के अंत में अतिथियों का स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया गया। कार्यक्रम में नई कार्यकारिणी के नेतृत्व में रोटरी क्लब ऑफ कोरबा द्वारा समाज सेवा के कार्यों को और अधिक विस्तार देने का संकल्प व्यक्त किया गया।



