Chhattisgarh

महिला सशक्तिकरण की मिसाल बनी एसईसीएल की ऑल-वुमन डिस्पेंसरी, एक वर्ष में रचा नया कीर्तिमान

कोरबा,14 जुलाई 2026। महिला सशक्तिकरण की दिशा में कोल इंडिया की पहली पूर्णतः महिला संचालित डिस्पेंसरी ने अपनी स्थापना का एक वर्ष सफलतापूर्वक पूरा कर लिया है। एसईसीएल के वसंत विहार स्थित इस डिस्पेंसरी की प्रथम वर्षगांठ मंगलवार को उत्साहपूर्वक मनाई गई। कार्यक्रम में एसईसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) हरीश दुहन मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

समारोह का शुभारंभ केक काटकर किया गया। इस अवसर पर वसंत विहार डिस्पेंसरी की महिला चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों के साथ इंदिरा हेल्थ सेंटर के चिकित्सक और चिकित्सा कर्मचारी भी उपस्थित रहे। पिछले एक वर्ष से यह डिस्पेंसरी पूरी तरह महिला चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा संचालित की जा रही है तथा एसईसीएल कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करा रही है।

अपने संबोधन में सीएमडी हरीश दुहन ने कहा कि कोल इंडिया की पहली पूर्णतः महिला संचालित डिस्पेंसरी एसईसीएल के लिए गौरव का विषय है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी नेतृत्व क्षमता, दक्षता और कार्यकुशलता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं। यह डिस्पेंसरी संगठन में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी और सशक्त भूमिका का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने बताया कि भविष्य में इस डिस्पेंसरी को ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के रूप में विकसित करने की दिशा में एसईसीएल लगातार कार्य कर रहा है।

कार्यक्रम में मुख्य चिकित्सा सेवाएं (सीएमएस) डॉ. श्रुति देव मिश्रा, उप मुख्य चिकित्सा सेवाएं (डिप्टी सीएमएस) डॉ. अरिहंत जैन, उप चिकित्सा अधीक्षक एवं वसंत विहार डिस्पेंसरी प्रभारी डॉ. नाज़िया मोहम्मदी सहित वसंत विहार डिस्पेंसरी और इंदिरा हेल्थ सेंटर के चिकित्सक एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

समारोह के दौरान सभी चिकित्सकों और कर्मचारियों ने डिस्पेंसरी की उपलब्धियों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी समर्पण, संवेदनशीलता और उत्कृष्टता के साथ कर्मचारियों एवं उनके आश्रितों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करने का संकल्प दोहराया।

Related Articles

Back to top button