Chhattisgarh

रायपुर में होटल कारोबारी दीपक टंडन और पत्नी पर 36 लाख की ठगी का आरोप, तेलीबांधा थाने में FIR दर्ज

रायपुर, 11 नवंबर 2026 । राजधानी रायपुर में होटल कारोबारी दीपक टंडन उर्फ अंबेडकर टंडन और उनकी पत्नी बरखा टंडन की मुश्किलें बढ़ती नजर आ रही हैं। दंपती के खिलाफ दूसरे की जमीन को अपना बताकर शराब कारोबारी से 36 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगा है। आशीष जायसवाल की शिकायत पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने दोनों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।

शिकायतकर्ता आशीष जायसवाल के मुताबिक, परिचित जगदीश जायसवाल के माध्यम से उनकी पहचान दीपक टंडन और बरखा टंडन से हुई थी। जगदीश ने उन्हें 1600 वर्गफुट की एक जमीन उपलब्ध होने की जानकारी दी थी। बताया गया था कि इस जमीन पर वर्तमान में एटमॉस्फिरिया रेस्टोरेंट संचालित हो रहा है और जमीन के साथ रेस्टोरेंट भी बिक्री के लिए उपलब्ध है।

इसके बाद आशीष जायसवाल और उनके दोस्त ने मिलकर सौदे के सिलसिले में दीपक टंडन और बरखा टंडन के बैंक खातों में रकम ट्रांसफर की। शुरुआत में एक लाख रुपये टोकन मनी के रूप में दिए गए। इसके बाद अलग-अलग किश्तों में 25 लाख रुपये के साथ तीन लाख और दो लाख रुपये मिलाकर कुल 30 लाख रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर किए गए। वहीं, होटल पहुंचकर पांच लाख रुपये नकद भी दिए गए। इस तरह कुल 36 लाख रुपये का भुगतान किया गया।

आरोप है कि बाद में जब जमीन के स्वामित्व की जानकारी जुटाई गई तो पता चला कि संबंधित जमीन दीपक टंडन और बरखा टंडन के नाम पर नहीं है। इसके बाद शिकायतकर्ता को अपने साथ हुई कथित धोखाधड़ी का पता चला। जब उन्होंने रकम वापस मांगी तो आरोपियों द्वारा जान से मारने और एसटी-एससी एक्ट के मामले में फंसाकर जिंदगी बर्बाद करने की धमकी देने का आरोप लगाया गया है।

दीपक बिलासपुर पुलिस की रिमांड पर, पत्नी हिरासत में

शिकायत के आधार पर तेलीबांधा थाना पुलिस ने दीपक टंडन और बरखा टंडन के खिलाफ धोखाधड़ी का अपराध दर्ज किया है। बरखा टंडन को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, जबकि दीपक टंडन को बिलासपुर पुलिस रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है।

गौरतलब है कि दीपक टंडन और उनकी पत्नी के खिलाफ इससे पहले भी धोखाधड़ी के आरोपों में एफआईआर दर्ज हो चुकी है। अब एक और मामला सामने आने के बाद दंपती के खिलाफ ठगी के अन्य कथित पीड़ितों के भी सामने आने की बात कही जा रही है। फिलहाल पुलिस लेनदेन से जुड़े दस्तावेजों और पूरे मामले की जांच कर रही है।

Related Articles

Back to top button