रायपुर में नो-पार्किंग जांच के दौरान मिली चोरी की एक्टिवा, जुलाई से थी लापता

रायपुर, 24 सितम्बर। शहर में यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के लिए चलाए जा रहे नो-पार्किंग अभियान के दौरान यातायात पुलिस ने चोरी हुई एक्टिवा स्कूटी बरामद की है। राजेंद्र नगर अंडरब्रिज के पास लावारिस हालत में खड़ी एक्टिवा की जांच करने पर उसके चोरी होने का खुलासा हुआ। वाहन की चोरी के संबंध में थाना सिविल लाइन में पहले से अपराध दर्ज था।
पुलिस उपायुक्त (यातायात व प्रोटोकॉल) के निर्देश पर शहर में नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी अभियान के तहत यातायात थाना पचपेड़ीनाका की टीम क्षेत्र में यातायात व्यवस्था और पेट्रोलिंग ड्यूटी पर थी। थाना प्रभारी गोविंद यादव के नेतृत्व में पुलिस टीम राजेंद्र नगर अंडरब्रिज के पास सीजी-04 रेस्टोरेंट के सामने नो-पार्किंग में खड़े वाहनों को लाउडस्पीकर के जरिए हटाने की कार्रवाई कर रही थी।
इसी दौरान एक्टिवा क्रमांक CG 04 HM 5662 को हटाने के लिए बार-बार अनाउंसमेंट किया गया, लेकिन वाहन लेने कोई व्यक्ति मौके पर नहीं पहुंचा। लंबे समय तक वाहन लावारिस हालत में खड़ा रहने और संदेह होने पर यातायात पुलिस ने सुरक्षा की दृष्टि से एक्टिवा को यातायात थाना पचपेड़ीनाका लाया।
इसके बाद वाहन पोर्टल से जानकारी जुटाकर वाहन मालिक इग्नेश नंद से संपर्क किया गया। वाहन मालिक ने पुलिस को बताया कि उक्त एक्टिवा जुलाई 2026 में चोरी हो गई थी और इसकी रिपोर्ट थाना सिविल लाइन में दर्ज कराई गई थी। तस्दीक के दौरान थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 367/26, धारा 303(2) बीएनएस, दिनांक 2 जुलाई 2026 को दर्ज होना पाया गया।
यातायात पुलिस ने चोरी की एक्टिवा को बरामद कर फिलहाल सुरक्षार्थ यातायात थाना पचपेड़ीनाका में रखा है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई के लिए थाना सिविल लाइन पुलिस को सूचना दे दी गई है।
रायपुर यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वाहन निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही खड़े करें और नो-पार्किंग क्षेत्र में वाहन छोड़कर न जाएं। इसके साथ ही लंबे समय से लावारिस या संदिग्ध हालत में खड़े वाहन दिखाई देने पर यातायात हेल्पलाइन, कंट्रोल रूम या डायल 112 पर सूचना देने की अपील की गई है।




