Chhattisgarh

रक्षाबंधन पर एनएसएस की बहनों ने पुलिसकर्मी भाइयों को बांधी राखी

बिलासपुर। जिले के मल्हार रक्षाबंधन पर्व की पूर्व संध्या पर राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) बद्री प्रसाद देवांगन मध्य नगरीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, मल्हार की छात्राओं ने पुलिस सहायता केंद्र मल्हार पहुंचकर पुलिसकर्मियों को राखी बांधी। इस दौरान पुलिस और समाज के बीच आत्मीयता एवं विश्वास का भाव देखने को मिला।

एनएसएस की बहनों ने पुलिसकर्मी भाइयों की कलाई पर राखी बांधकर उनके स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की और मिठाई खिलाई। पुलिसकर्मियों ने भी बहनों को मिठाई खिलाकर उनके प्रति स्नेह एवं सम्मान व्यक्त किया तथा सदैव उनकी सुरक्षा के लिए तत्पर रहने का संकल्प जताया। इस अवसर पर एनएसएस की बहनों ने पुलिसकर्मियों का सम्मान करते हुए उन्हें पेन एवं रुमाल भेंट किए।

कार्यक्रम के दौरान पुलिसकर्मियों ने विद्यार्थियों एवं एनएसएस की बहनों को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने, ओटीपी एवं बैंक से संबंधित गोपनीय जानकारी किसी के साथ साझा नहीं करने तथा साइबर ठगी होने की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना देने के लिए जागरूक किया।

एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी करुणेश कुमार नापित ने पुलिसकर्मी भाइयों एवं एनएसएस की बहनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि रक्षाबंधन का यह आयोजन पुलिस और समाज के बीच विश्वास, आत्मीयता एवं सुरक्षा की भावना को मजबूत करता है।

कार्यक्रम विद्यालय के प्राचार्य प्रदीप कुमार वैष्णव के आशीर्वाद तथा डॉ. मनोज सिन्हा, कार्यक्रम समन्वयक, डॉ. कांति अंचल, पूर्व जिला संगठक एवं शीतेश जैन, जिला संगठक के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। बिलासपुर पुलिस ने इस आत्मीय पहल के लिए एनएसएस की बहनों एवं विद्यालय परिवार का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि पुलिस और समाज के बीच ऐसे स्नेहपूर्ण संबंध सुरक्षित एवं संवेदनशील समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

Related Articles

Back to top button