Chhattisgarh

यातायात व्यवस्था सुदृढ़ करने पुलिस की अभिनव पहल, रात्रि चौपाल लगाकर लोगों को किया जागरूक

सारंगढ़। सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने और सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से पुलिस द्वारा लगातार अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार शर्मा के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल, डीएसपी गोविंद दीवान, आरआई जितेंद्र चंद्रा एवं कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद यादव के नेतृत्व में यातायात नियमों का पालन कराने के साथ लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

इसी कड़ी में मंगलवार रात जिला मुख्यालय सारंगढ़ के भारत माता चौक पर पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने यातायात नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई की। इस दौरान 50 से अधिक वाहनों के खिलाफ चालानी कार्रवाई करते हुए वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों से अपील की कि वे निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाएं, आवश्यक दस्तावेज अपने साथ रखें और नाबालिगों को वाहन चलाने की अनुमति न दें।

कोतवाली थाना प्रभारी प्रमोद यादव ने थाना परिसर में रात्रि चौपाल आयोजित कर वाहन चालकों एवं क्षेत्र के लोगों को यातायात नियमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चालानी कार्रवाई पुलिस की नियमित प्रक्रिया है, लेकिन इसका मुख्य उद्देश्य लोगों को नियमों के प्रति जागरूक करना और सड़क दुर्घटनाओं को रोकना है। उन्होंने कहा कि नाबालिगों द्वारा वाहन चलाने, बिना दस्तावेज वाहन चलाने तथा तेज रफ्तार में वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।

पुलिस अधिकारियों ने नागरिकों से अपील की कि यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें और स्वयं यातायात नियमों का पालन करने के साथ दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। पुलिस का कहना है कि यातायात नियमों के पालन के साथ अपराधों की रोकथाम के लिए भी लगातार अभियान चलाए जा रहे हैं। जिला पुलिस का उद्देश्य सारंगढ़ शहर सहित पूरे जिले में सुरक्षित एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था कायम करना है।

Related Articles

Back to top button