राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान के लिए चयनित शिक्षिका सुनीता यादव का कलेक्टर-एसपी ने किया सम्मान

सारंगढ़। राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026 के लिए छत्तीसगढ़ से एकमात्र चयनित सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की शिक्षिका सुनीता यादव का कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू और पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा ने सम्मान किया। कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर और एसपी ने शिक्षिका सुनीता यादव को शाल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया और इस उपलब्धि के लिए उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं।
कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू ने शिक्षिका सुनीता यादव के शिक्षकीय दायित्वों के साथ किए जा रहे सामाजिक कार्यों की सराहना की। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में जिम्मेदारियों का निर्वहन करने के साथ सामाजिक सरोकारों के लिए कार्य करना प्रेरणादायी है। उन्होंने सुनीता यादव को इसी तरह निरंतर कार्य करते रहने के लिए प्रोत्साहित किया।
इस अवसर पर शिक्षिका सुनीता यादव की पुत्री सृजना यादव भी उपस्थित थीं। सुनीता यादव बरमकेला विकासखंड के शासकीय प्राथमिक स्कूल खिचरी में शिक्षिका के रूप में पदस्थ हैं। शिक्षा के साथ साहित्य और सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान को भी विभिन्न स्तरों पर सम्मान मिला है।
उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में साहित्य के क्षेत्र में उनके योगदान के लिए उन्हें पंडित मुकुटधर पांडे स्मृति अलंकरण से सम्मानित किया गया था। इसके अलावा वर्ष 2024 में उन्हें राज्य शिक्षक सम्मान भी प्राप्त हुआ। अब राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान 2026 के लिए छत्तीसगढ़ से उनका एकमात्र चयन जिले के साथ पूरे प्रदेश के लिए गौरव की बात है।




