मुरली होटल मामले में अधिवक्ता संघ कटघोरा ने दी सफाई, कहा- शिकायत पत्र संघ का नहीं

कटघोरा। मुरली होटल को बंद कराने के संबंध में प्रकाशित समाचार पर अधिवक्ता संघ कटघोरा ने अपनी स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा है कि संबंधित शिकायत पत्र संघ द्वारा जारी नहीं किया गया है। इस संबंध में संघ ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर समाचार में प्रकाशित तथ्यों का खंडन किया है।
अधिवक्ता संघ कटघोरा के अध्यक्ष यदूनंदन प्रसाद जायसवाल द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार, 25 जुलाई 2026 को एक दैनिक समाचार पत्र में “मुरली होटल बंद कराने के संबंध में खोला मोर्चा” शीर्षक से प्रकाशित समाचार में अधिवक्ता संघ के लेटरपैड, सील एवं हस्ताक्षरयुक्त एक शिकायत पत्र को एसडीएम कटघोरा को सौंपे जाने का उल्लेख किया गया था।
विज्ञप्ति में बताया गया है कि समाचार प्रकाशित होने के बाद अधिवक्ता संघ कटघोरा की कार्यकारिणी की आपात बैठक आयोजित की गई, जिसमें पूरे मामले पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। बैठक में यह तथ्य सामने आया कि संबंधित शिकायत पत्र जारी करने का कोई प्रस्ताव न तो कार्यकारिणी द्वारा पारित किया गया था और न ही सामान्य सभा में इसकी स्वीकृति दी गई थी।
अधिवक्ता संघ ने स्पष्ट किया है कि संबंधित शिकायत पत्र संघ का अधिकृत दस्तावेज नहीं है तथा इसे अधिवक्ता संघ कटघोरा द्वारा जारी नहीं किया गया है। संघ ने इस संबंध में अपनी आधिकारिक स्थिति सार्वजनिक करते हुए भ्रम की स्थिति समाप्त करने का प्रयास किया है।




