कोरबा : पुत्र की हत्या करने का आरोप लगा वृद्ध मां ने पुलिस अधीक्षक से लगाई न्याय की गुहार

कोरबा । वृद्ध मां ने पुलिस अधीक्षक से आरोप लगाते हुए कहा की मेरे बेटे ने आत्महत्या नही की, उसकी हत्या हुई है। बेटे का एक रिश्तेदार की बेटी से प्रेम संंबंध था। मैं शादी का प्रस्ताव लेकर उनके घर गई थी, लेकिन उन्होंने न सिर्फ रिश्ते को ठुकराया, बल्कि लगातार धमकी देना शुरू कर दिया। युवती अपनी मां के साथ मेरे घर आई थी। उन्होंने एक वकील को बुलाने की बात कहते हुए सबक सिखाने की धमकी दी, जिससे मेरा बेटा बुरी तरह घबराया हुआ था। वह उसी दिन काम के नाम पर निकला, लेकिन घर नही लौटा। उसके अंतिम संस्कार के समय युवती के पिता ने हत्या की बात भी कहीं थी।
यह सनसनीखेज आरोप उरगा थानांतर्गत ग्राम कनबेरी में रहने वाली मृतक की वृद्ध मां ने लगाई है। उन्होंने कहा की उसका पुत्र 17 जून को काम में जाने के नाम पर निकला, इसके बाद नही लौटा। उसकी मोबाइल की घंटी बज रही थी, लेकिन रिसिव नही हो रहा था। जिसकी सूचना पुलिस को दी गई। पुलिस लोकेशन के आधार पर दो दिन बाद ग्राम से करीब 100 मीटर दूर पहंची, जहां परसा पेड़ की डाली में उसका शव लटकते मिला था। उसके शरीर में चोंट के निशान थे। कपड़े में भी जगह-जगह निशान था। इसके अलावा कुछ अन्य लक्षण भी मिले थे,जो हत्या कर शव लटकाए जाने की ओर इशारा कर रहा था।
मृतक की मां ने पुलिस अधीक्षक के नाम शिकायत पत्र सौंपते हुए निष्पक्ष जांच व आरोपियों के खिलाफ कार्यवाही की मांग की है।




