गणेशोत्सव को लेकर कोतवाली पुलिस ने गणेश समितियों के साथ की बैठक, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को लेकर दिए सख्त निर्देश

जगदलपुर, 13 सितम्बर 2026। आगामी गणेशोत्सव और गणेश प्रतिमा विसर्जन को शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए बस्तर पुलिस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में थाना कोतवाली, जगदलपुर क्षेत्र की गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों और आयोजकों की बैठक थाना परिसर में आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधिकारियों ने गणेश पंडालों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, बिजली एवं अग्नि सुरक्षा के साथ-साथ विसर्जन रैली को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक पुलिस अधीक्षक बस्तर शलभ कुमार सिन्हा के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुखनंदन राठौर के मार्गदर्शन में आयोजित हुई। CSP जगदलपुर सुमित कुमार धोत्रे की अध्यक्षता में हुई बैठक में थाना प्रभारी निरीक्षक लीलाधर राठौर भी मौजूद रहे। पुलिस अधिकारियों ने समितियों के पदाधिकारियों से गणेशोत्सव के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चर्चा की और आयोजन में नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करने की अपील की।
पुलिस ने गणेश पंडालों में CCTV कैमरे लगाने और पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही पंडालों में फायर सेफ्टी के इंतजाम तथा विद्युत सुरक्षा के आवश्यक प्रबंध करने को कहा गया, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना से बचा जा सके।
गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान निर्धारित मार्ग, समय और विसर्जन स्थल का पालन करने पर भी विशेष जोर दिया गया। पुलिस ने कहा कि विसर्जन रैली के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो और आम लोगों को परेशानी का सामना न करना पड़े, इसके लिए समितियां जिम्मेदारी के साथ आयोजन करें।
बैठक में DJ और ध्वनि विस्तारक यंत्रों के इस्तेमाल को लेकर भी स्पष्ट निर्देश दिए गए। पुलिस ने समितियों को प्रचलित नियमों, सक्षम प्राधिकारी के आदेशों और न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप ही ध्वनि विस्तारक यंत्र एवं DJ संचालित करने को कहा। साथ ही अश्लील, आपत्तिजनक और फूहड़ गीतों के इस्तेमाल पर पूरी तरह रोक रखने के निर्देश दिए गए।

विसर्जन रैली के दौरान हथियारों का प्रदर्शन, खतरनाक स्टंट या ऐसी किसी भी गतिविधि से बचने को कहा गया, जिससे कानून-व्यवस्था प्रभावित हो सकती है। भीड़ नियंत्रण और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए समितियों को पर्याप्त संख्या में जिम्मेदार स्वयंसेवक तैनात करने के निर्देश भी दिए गए। पुलिस ने गणेश पंडालों और विसर्जन मार्ग के आसपास स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा प्रबंधन पर भी विशेष ध्यान देने को कहा। किसी भी अप्रिय घटना, संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई।
बैठक के दौरान गणेश उत्सव समितियों के पदाधिकारियों ने पुलिस और प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में गणेशोत्सव मनाने का भरोसा दिलाया। समितियों ने कानून-व्यवस्था और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस एवं प्रशासन को पूर्ण सहयोग देने की बात कही।
बस्तर पुलिस ने आमजन और सभी गणेश उत्सव समितियों से अपील की है कि गणेशोत्सव को श्रद्धा, उत्साह और भाईचारे के साथ मनाएं। पुलिस ने कहा कि सुरक्षित और व्यवस्थित आयोजन के लिए सभी समितियों का सहयोग जरूरी है। बस्तर पुलिस का संदेश है— “श्रद्धा के साथ उत्सव, जिम्मेदारी के साथ आयोजन।”




