Chhattisgarh

अवैध हीरा तस्करी करते अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार,63 लाख 50 हजार रुपये के 34 बिना तराशे हीरे बरामद

गरियाबंद, 25 मार्च 2026।
जिले में अवैध हीरा तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। गरियाबंद पुलिस और स्पेशल टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नहरगांव स्कूल के पास घेराबंदी कर एक अंतरराज्यीय तस्कर को गिरफ्तार किया है।

गिरफ्तार आरोपी की पहचान बंशी शेट्टी (50 वर्ष), निवासी भवानीपटना, जिला कालाहांडी (ओडिशा) के रूप में हुई है। आरोपी के कब्जे से 34 नग बिना तराशे हुए हीरे बरामद किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 63 लाख 50 हजार रुपये बताई जा रही है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी क्षेत्र में अवैध रूप से हीरों की खरीद-फरोख्त के लिए ग्राहकों की तलाश कर रहा था। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिलने पर पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आरोपी को दबोच लिया।

बरामद हीरों को जब्त कर लिया गया है तथा आरोपी के खिलाफ माइनिंग एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की गहन जांच में जुट गई है, ताकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य लोगों तक भी पहुंचा जा सके।

Related Articles

Back to top button