छत्तीसगढ़ में अब तक 5.64 लाख क्विंटल से अधिक धान की खरीदी, बालोद जिला सबसे आगे

- मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर के सेन्द्री धान उपार्जन केंद्र से किया खरीदी महाअभियान का शुभारंभ, प्रदेश के 2,030 केंद्रों में शुरू हुई खरीदी
रायपुर, 16 नवंबर 2026। छत्तीसगढ़ में खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 के तहत समर्थन मूल्य पर धान खरीदी का अभियान तेजी से आगे बढ़ रहा है। प्रदेश में अब तक 5 लाख 64 हजार 470 क्विंटल धान की खरीदी की जा चुकी है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सोमवार को बिलासपुर जिले के सेन्द्री स्थित धान उपार्जन केंद्र से धान खरीदी महाअभियान का शुभारंभ किया। इससे पहले 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस के अवसर पर उन्होंने रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ से प्रदेशव्यापी अभियान की शुरुआत की थी।
राज्य सरकार ने इस वर्ष किसानों से धान खरीदी के लिए प्रदेशभर में कुल 3,100 उपार्जन केंद्र स्थापित किए हैं। इनमें से 2,847 केंद्रों में टोकन जारी करने की प्रक्रिया शुरू हो चुकी है, जबकि 2,030 केंद्रों में धान की खरीदी प्रारंभ हो गई है। 16 नवंबर को शाम 7 बजे तक प्राप्त आंकड़ों के अनुसार प्रदेश में कुल 5,64,470 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है।
खरीदे गए धान में 3,26,110 क्विंटल मोटा धान, 2,16,482 क्विंटल पतला धान और 21,877 क्विंटल सरना धान शामिल है।
बालोद जिले में सबसे अधिक धान खरीदी
जिलावार आंकड़ों के अनुसार धान खरीदी में बालोद जिला सबसे आगे रहा है। यहां अब तक 67,125.20 क्विंटल धान का उपार्जन किया गया है। वहीं राजनांदगांव जिले में 64,095.60 क्विंटल और महासमुंद जिले में 56,454 क्विंटल धान की खरीदी की गई है।
टोकन व्यवस्था और पारदर्शी खरीदी पर जोर
राज्य सरकार द्वारा धान उपार्जन केंद्रों में किसानों की सुविधा के लिए व्यवस्थित खरीदी, टोकन व्यवस्था और पारदर्शी प्रक्रिया सुनिश्चित की जा रही है। सरकार का उद्देश्य किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य दिलाने के साथ ही धान खरीदी प्रक्रिया को सुगम बनाना है।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में प्रदेशभर में धान खरीदी की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। विभिन्न जिलों के उपार्जन केंद्रों में खरीदी प्रक्रिया जारी है। धान खरीदी महाअभियान को लेकर किसानों में उत्साह का माहौल है।




