Chhattisgarh

मदकूद्वीप के प्राचीन मंदिरों में CM विष्णु देव साय ने की पूजा-अर्चना, कन्या पूजन कर प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

मुंगेली, 25 सितम्बर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को मुंगेली जिले के पथरिया विकासखंड स्थित ऐतिहासिक एवं आध्यात्मिक स्थल हरिहर क्षेत्र केदार मदकूद्वीप पहुंचकर प्राचीन रामाश्रय और गणेश मंदिर में विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। उन्होंने भगवान से छत्तीसगढ़ की निरंतर प्रगति के साथ प्रदेशवासियों के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर में आयोजित कन्या पूजन में शामिल होकर कन्याओं का विधिवत पूजन किया और उनका आशीर्वाद लिया। इसके बाद वे कन्या भोज में भी शामिल हुए और प्रसाद ग्रहण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में कन्याओं को शक्ति का स्वरूप माना गया है। कन्या पूजन मातृशक्ति के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता की अभिव्यक्ति है।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की धरती प्राचीन धार्मिक परंपराओं, पुरातात्विक धरोहरों और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत से परिपूर्ण है। मदकूद्वीप भी प्रदेश की महत्वपूर्ण ऐतिहासिक एवं धार्मिक धरोहरों में शामिल है। यहां इतिहास, आस्था और प्रकृति का अनूठा संगम देखने को मिलता है। ऐसे स्थल नई पीढ़ी को प्रदेश की गौरवशाली विरासत और सांस्कृतिक परंपराओं से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मुख्यमंत्री ने इस दौरान पुरातत्व विभाग द्वारा स्थापित मंदिर संग्रहालय का भी अवलोकन किया। उन्होंने संग्रहालय में संरक्षित पुरातात्विक धरोहरों और ऐतिहासिक अवशेषों के संबंध में जानकारी ली। इस दौरान उन्हें मदकूद्वीप के ऐतिहासिक, पुरातात्विक और आध्यात्मिक महत्व से अवगत कराया गया।

मुख्यमंत्री साय ने कहा कि छत्तीसगढ़ की प्राचीन विरासत और सांस्कृतिक पहचान का संरक्षण एवं संवर्धन बेहद जरूरी है। ऐतिहासिक और धार्मिक धरोहरें केवल अतीत की स्मृतियां नहीं हैं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को अपनी संस्कृति, परंपराओं और इतिहास से जोड़ने वाली अमूल्य निधि हैं। उन्होंने ऐसे स्थलों के संरक्षण और उनके महत्व को नई पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता पर जोर दिया।

कार्यक्रम में केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्यमंत्री तोखन साहू, उप मुख्यमंत्री अरुण साव, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, खाद्य मंत्री दयाल दास बघेल, उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन, विधायक धरमलाल कौशिक, अमर अग्रवाल, सुशांत शुक्ला और पुन्नू लाल मोहले, क्रेडा अध्यक्ष भूपेंद्र सवन्नी सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button