भालुओं का तांडव! 1 रात में तोड़े 7 घरों के दरवाजे, शहद के लिए पानी टंकी पर चढ़ी मादा भालू

कांकेर, 5 अक्टूबर 2026। जिले के अलग-अलग गांवों में इन दिनों भालुओं की आवाजाही से ग्रामीणों में दहशत है। नरहरपुर वन परिक्षेत्र के ग्राम लारगांव में रविवार देर रात भालुओं ने सात घरों के दरवाजे तोड़ दिए। वहीं, इससे एक रात पहले कांकेर वन परिक्षेत्र के ग्राम सातलोर में एक मादा भालू अपने दो शावकों के साथ गांव में पहुंच गई। मादा भालू शहद की तलाश में पानी की टंकी पर चढ़ गई, जबकि दोनों शावक रातभर गांव की गलियों में घूमते रहे।रविवार देर रात ग्राम लारगांव में अचानक भालुओं की मौजूदगी से ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। भोजन और पानी की तलाश में गांव पहुंचे भालुओं ने सात घरों के दरवाजे क्षतिग्रस्त कर दिए। रिहायशी इलाके में लगातार भालुओं के पहुंचने से ग्रामीणों को रात के समय घरों से बाहर निकलने में भी डर बना हुआ है।
ग्रामीणों के मुताबिक, भालू भोजन और पानी की तलाश में बस्तियों की ओर आ रहे हैं। देर रात हुई इस घटना के दौरान कुछ लोगों ने भालुओं की गतिविधियों को मोबाइल कैमरे में रिकॉर्ड किया। वीडियो में भालुओं को गांव के आसपास घूमते हुए देखा जा सकता है। मामला नरहरपुर वन परिक्षेत्र का है।
सातलोर में टंकी पर चढ़ी मादा भालू लारगांव की घटना से एक दिन पहले शनिवार और रविवार की दरमियानी रात ग्राम सातलोर में भी भालू पहुंच गए थे। यहां एक मादा भालू मधुमक्खी के छत्ते से शहद खाने के लालच में पानी की टंकी पर चढ़ गई। उसके साथ दो शावक भी थे। मादा भालू के टंकी पर चढ़ने के दौरान ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी और लोगों ने दूर से इसका वीडियो बना लिया।
मादा भालू के साथ आए दोनों शावक गांव की गलियों में घूमते रहे। रातभर गांव में उनकी मौजूदगी से ग्रामीणों में भय का माहौल बना रहा। ग्रामीणों ने मामले की जानकारी वन विभाग को दी, जिसके बाद विभाग को मौके की स्थिति से अवगत कराया गया। यह मामला कांकेर वन परिक्षेत्र के ग्राम सातलोर का है।



