रायपुर में ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एक रात में 80 वाहन चालकों पर कार्रवाई; 48 शराब के नशे में मिले

रायपुर, 05 अक्टूबर। शहर में सड़क हादसों की रोकथाम और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए यातायात पुलिस ने ड्रंक एंड ड्राइव के खिलाफ विशेष रात्रि चेकिंग अभियान चलाया। 4 अक्टूबर की दरमियानी रात रायपुर के 9 प्रमुख संवेदनशील चौक-चौराहों और मार्गों पर लगाए गए जांच प्वाइंट में कुल 80 वाहन चालकों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की गई। इनमें 48 चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए पकड़े गए, जबकि 32 वाहन चालकों पर मोटरयान अधिनियम के अन्य नियमों के उल्लंघन पर चालानी कार्रवाई की गई।
यह अभियान डीसीपी ट्रैफिक एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा के निर्देशन में चलाया गया। जांच के दौरान पुलिस ने ब्रीथ एनालाइजर की मदद से वाहन चालकों की जांच की। शराब के नशे में वाहन चलाने वाले 48 चालकों के खिलाफ नियमानुसार कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
कार्रवाई की जद में आए वाहनों में 36 दोपहिया, 34 कार, 8 ट्रक एवं टैंकर, एक बस और एक पिकअप शामिल हैं। यातायात पुलिस ने स्पष्ट किया कि शराब पीकर वाहन चलाने से चालक के निर्णय लेने की क्षमता और प्रतिक्रिया देने की गति प्रभावित होती है, जिससे सड़क दुर्घटना का खतरा काफी बढ़ जाता है।

रायपुर यातायात पुलिस के अनुसार, वर्ष 2026 में अब तक ड्रंक एंड ड्राइव के कुल 4,039 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की जा चुकी है। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए इस तरह की जांच और कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
यातायात पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि शराब का सेवन करने के बाद स्वयं वाहन न चलाएं। ऐसी स्थिति में कैब, ऑटो या किसी अन्य सुरक्षित परिवहन साधन का उपयोग करें। पुलिस ने लोगों से सड़क सुरक्षा को प्राथमिकता देने और स्वयं के साथ-साथ अन्य राहगीरों की जान को भी सुरक्षित रखने की अपील की है।




