Chhattisgarh

नैला दुर्गा उत्सव में CM साय को सपरिवार आमंत्रण, अमेरिका के अक्षरधाम की तर्ज पर बनेगा 150 फीट से ऊंचा पंडाल

नैला-जांजगीर नगर के ऐतिहासिक दुर्गा उत्सव के 43वें वर्ष में इस बार भव्य आयोजन की तैयारी है। दुर्गा उत्सव समिति की ओर से मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं श्रीमती कौशल्या साय को नैला दुर्गा उत्सव में सपरिवार शामिल होने का आमंत्रण दिया गया। समिति की ओर से सौमित्र शर्मा ने श्रीमती साय को आमंत्रण पत्र सौंपा। इस दौरान समिति और पूरे नैला-जांजगीर नगरवासियों की ओर से मुख्यमंत्री एवं उनके परिवार को उत्सव में शामिल होने का निमंत्रण दिया गया।

इस वर्ष नैला दुर्गा उत्सव में अमेरिका के न्यू जर्सी स्थित विश्वविख्यात स्वामीनारायण अक्षरधाम मंदिर की तर्ज पर भव्य पंडाल तैयार किया जा रहा है। आयोजन स्थल पर 160 फीट चौड़ा और 50 फीट ऊंचा विराट प्रवेश द्वार बनाया जा रहा है, जबकि मुख्य पंडाल की ऊंचाई 150 फीट से अधिक होगी।

पंडाल में 35 फीट ऊंची मां दुर्गा की भव्य प्रतिमा श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहेगी। कारीगर दिन-रात मेहनत कर निर्माण कार्य को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। समिति के अनुसार, इस बार नैला दुर्गा उत्सव धार्मिक आस्था के साथ भव्य स्थापत्य और कला का अद्भुत संगम प्रस्तुत करेगा।

Related Articles

Back to top button