Chhattisgarh

नवा रायपुर में कल से सजेगा गोल्फ का रोमांच, मुख्यमंत्री साय करेंगे ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का शुभारंभ

रायपुर, 14 सितंबर। नवा रायपुर को गोल्फ और खेल पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के तहत ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का आयोजन 15 सितंबर से शुरू होगा। फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिजॉर्ट, नवा रायपुर में आयोजित उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। प्रतियोगिता के शुभारंभ के साथ ही नवा रायपुर में राष्ट्रीय स्तर के गोल्फ आयोजन का रोमांच देखने को मिलेगा।

‘नवा रायपुर ओपन 2026’ के उद्घाटन अवसर पर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज खिलाड़ी एवं डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के अध्यक्ष कपिल देव तथा डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमनदीप जौहल की भी विशेष मौजूदगी रहेगी। खेल जगत की इन प्रमुख हस्तियों की उपस्थिति से प्रतियोगिता को राष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलने के साथ छत्तीसगढ़ में गोल्फ और खेल पर्यटन को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय शाम 3.05 बजे सेरेमोनियल टी-ऑफ के जरिए ‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का औपचारिक शुभारंभ करेंगे। इसके बाद मुख्यमंत्री एवं विशिष्ट अतिथि गोल्फ खिलाड़ियों से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण भी किया जाएगा। उद्घाटन कार्यक्रम के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित होगी, जिसमें मुख्यमंत्री और आयोजन से जुड़े प्रमुख अतिथि मीडिया प्रतिनिधियों से संवाद करेंगे तथा प्रतियोगिता के उद्देश्यों और इससे जुड़ी संभावनाओं की जानकारी साझा करेंगे।

‘नवा रायपुर ओपन 2026’ का आयोजन प्रदेश में गोल्फ खेल को बढ़ावा देने और उभरती खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय स्तर का मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया जा रहा है। इसके साथ ही नवा रायपुर की आधुनिक अधोसंरचना और खेल सुविधाओं को देशभर में पहचान दिलाने का भी यह महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है।

गोल्फ प्रतियोगिता के आयोजन से नवा रायपुर को आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ खेल पर्यटन के प्रमुख गंतव्य के रूप में विकसित करने की संभावनाओं को बल मिलेगा। देश के विभिन्न हिस्सों से खिलाड़ियों, खेल प्रेमियों और पर्यटकों के नवा रायपुर पहुंचने से स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

‘नवा रायपुर ओपन 2026’ छत्तीसगढ़ में गोल्फ को नई पहचान देने के साथ नवा रायपुर की खेल क्षमता, आधुनिक अधोसंरचना और उभरती खेल संस्कृति को राष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत करने वाला महत्वपूर्ण आयोजन साबित हो सकता है।

Related Articles

Back to top button