Uncategorized

गणेश उत्सव को लेकर कोरबा पुलिस की सख्ती, 32 गुंडा और 26 निगरानी बदमाशों को दी कड़ी समझाइश

कोरबा, 14 सितम्बर। आगामी गणेश चतुर्थी, गणेश उत्सव और गणेश विसर्जन को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कोरबा पुलिस ने कानून-व्यवस्था को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पुलिस ने जिले में असामाजिक तत्वों और पूर्व में आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों पर निगरानी बढ़ाते हुए उन्हें सख्त हिदायत दी है। पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि त्योहार की आड़ में किसी भी तरह का विवाद, उपद्रव या आपराधिक गतिविधि बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इसी क्रम में सोमवार को जिले के विभिन्न थाना, चौकी एवं अनुविभाग स्तर पर पुलिस अधिकारियों ने गुंडा बदमाशों, निगरानी बदमाशों तथा पूर्व में मारपीट, लड़ाई-झगड़ा एवं शरीर संबंधी अपराधों में संलिप्त रहे व्यक्तियों की तस्दीक की। सीएसपी, एसडीओपी और थाना प्रभारियों ने संबंधित लोगों को बुलाकर गणेश उत्सव के दौरान शांति व्यवस्था बनाए रखने के संबंध में समझाइश दी।

पुलिस के अनुसार, जिले में करीब 32 गुंडा बदमाश और 26 निगरानी बदमाशों सहित पूर्व में मारपीट, लड़ाई-झगड़ा एवं शरीर संबंधी अपराधों में संलिप्त लगभग 80 लोगों को समझाइश दी गई। उन्हें स्पष्ट रूप से कहा गया कि गणेश उत्सव और विसर्जन के दौरान किसी भी प्रकार के विवाद, मारपीट, उपद्रव, दहशत फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने वाली गतिविधि से दूर रहें।

पुलिस अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि किसी व्यक्ति ने त्योहार की आड़ में गुंडागर्दी करने, विवाद उत्पन्न करने अथवा आपराधिक गतिविधि को अंजाम देने का प्रयास किया तो उसके खिलाफ तत्काल कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही पूर्व अपराधियों एवं असामाजिक गतिविधियों में संलिप्त रहे लोगों को अपने आचरण में सुधार करने और कानून का पालन करते हुए गणेश उत्सव के दौरान शांति एवं भाईचारा बनाए रखने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए।

कोरबा पुलिस ने संबंधित थाना प्रभारियों को ऐसे व्यक्तियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रखने के निर्देश भी दिए हैं। किसी भी संदिग्ध अथवा आपराधिक गतिविधि की सूचना मिलने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया है।

गणेश उत्सव के दौरान भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था, संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी और असामाजिक तत्वों पर नजर रखने के लिए पुलिस स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। पुलिस का प्रयास है कि गणेश उत्सव एवं विसर्जन का आयोजन श्रद्धा, अनुशासन, शांति और सौहार्द के वातावरण में हो तथा श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से भी अपील की है कि वे गणेश उत्सव शांतिपूर्ण तरीके से मनाएं, किसी तरह की अफवाह पर ध्यान न दें और संदिग्ध गतिविधि अथवा विवाद की स्थिति में तत्काल पुलिस को सूचना दें। पुलिस ने नागरिकों से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील करते हुए कहा है कि त्योहार खुशी और सौहार्द के साथ मनाएं, लेकिन कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ कार्रवाई तय है।

Related Articles

Back to top button