Chhattisgarh

नगरी में जुआ खेलते 4 जुआरी रंगे हाथ गिरफ्तार, 12,500 रुपये नकद और 4 मोटरसाइकिल समेत 1.12 लाख का सामान जब्त

धमतरी। जिले में अवैध जुआ, सट्टा और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ धमतरी पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। पुलिस अधीक्षक भावना पांडेय के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत नगरी पुलिस ने ताश से जुआ खेल रहे चार जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से 12,500 रुपये नकद, चार मोटरसाइकिल और 52 पत्ती ताश जब्त की गई है। जब्त संपत्ति की कुल कीमत करीब 1 लाख 12 हजार 500 रुपये बताई गई है।

पुलिस के अनुसार, नगरी थाना क्षेत्र के नगरनाला-चारगांव रोड इलाके में कुछ लोगों के ताश के पत्तों से रुपये-पैसे का दांव लगाकर जुआ खेलने की सूचना मुखबिर से मिली थी। सूचना को गंभीरता से लेते हुए नगरी पुलिस की टीम ने तत्काल मौके पर दबिश दी। इस दौरान चार लोग जुआ खेलते हुए रंगे हाथ पकड़े गए।

पुलिस ने मौके से 12,500 रुपये की नगद रकम, करीब 1 लाख रुपये कीमत की चार मोटरसाइकिल और 52 पत्ती ताश बरामद की। जब्त सामान की कुल कीमत 1,12,500 रुपये आंकी गई है।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजेश कुमार ध्रुव निवासी वार्ड क्रमांक 07 नगरी, भानु कुमार साहू निवासी वार्ड क्रमांक 04 नगरी, भागवत यादव निवासी वार्ड क्रमांक 05 नगरी और जयप्रकाश साहू निवासी वार्ड क्रमांक 03 नगरी के रूप में हुई है।

नगरी पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम की धारा 3(2) के तहत अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की है। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध जुआ और सट्टा गतिविधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

धमतरी पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि उनके आसपास यदि जुआ, सट्टा या किसी अन्य प्रकार की अवैध गतिविधि संचालित हो रही है तो इसकी सूचना तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

Related Articles

Back to top button