दीपका में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, देशभक्ति के नारों से गूंजा शहर

कोरबा। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशव्यापी ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत दीपका नगर में शुक्रवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। नगरवासियों, स्थानीय जनप्रतिनिधियों तथा अशासकीय विद्यालय संघ दीपका के संयुक्त आयोजन में निकली यात्रा में विभिन्न स्कूलों के हजारों छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। हाथों में तिरंगा लेकर निकले बच्चों के देशभक्ति के नारों से पूरा शहर गूंज उठा।

तिरंगा यात्रा का शुभारंभ समलाई मंदिर परिसर से हुआ। राष्ट्रभक्ति गीतों और भारत माता की जय के नारों के बीच यात्रा काला मैदान से होते हुए दीपका के प्रमुख मार्गों से गुजरी और उच्चतर माध्यमिक विद्यालय दीपका के मैदान पहुंची, जहां सभा के साथ इसका समापन हुआ। मार्ग में स्थानीय नागरिकों ने जगह-जगह पुष्पवर्षा कर विद्यार्थियों का स्वागत किया।

यात्रा में भारत माता और छत्तीसगढ़ महतारी की भव्य झांकी विशेष आकर्षण का केंद्र रही। पारंपरिक वेशभूषा में सजे बच्चों ने झांकी के माध्यम से राष्ट्रीय एकता और छत्तीसगढ़ की संस्कृति का संदेश दिया। झांकी को देखने के लिए मार्ग में बड़ी संख्या में लोग जुटे।
तिरंगा यात्रा का उद्देश्य नागरिकों को राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान और राष्ट्रीय भावना के लिए जागरूक करना था। विद्यार्थियों के हाथों में देशभक्ति संदेश लिखी तख्तियां थीं। उन्होंने लोगों से स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों और प्रतिष्ठानों में सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराने की अपील की।
यात्रा में अशासकीय विद्यालय संघ दीपका से जुड़े विभिन्न शिक्षण संस्थानों के विद्यार्थियों और शिक्षक-शिक्षिकाओं ने अनुशासित भागीदारी निभाई। इनमें राधेय विद्यापीठ इंग्लिश मीडियम स्कूल, छत्तीसगढ़ पब्लिक स्कूल, कलचुरी पब्लिक स्कूल, सर्वमंगला विद्यालय, रामकृष्ण पब्लिक स्कूल, ज्ञान विज्ञान स्कूल, सेंट पीटर्स इंग्लिश स्कूल, ईस्ट पॉइंट इंग्लिश मीडियम स्कूल तथा सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल गेवरा के विद्यार्थी शामिल रहे।




