Entertainment

ड्रामा, टास्क और ट्विस्ट्स का जल्लोष – बिग बॉस मराठी 6 के 5 अविस्मरणीय पल!

राडा से रियल इमोशन्स तक! बिग बॉस मराठी सीजन 6 के 5 सुपरहिट मोमेंट्स

मुंबई। एंडेमोल शाइन इंडिया (बनिजे ग्रुप का हिस्सा) द्वारा निर्मित बिग बॉस मराठी सीजन 6 सबसे बड़े रियलिटी शोज़ में से एक बनकर उभरा है, जिसने दर्शकों को पूरी तरह बांधे रखा है। रितेश देशमुख की दमदार और धारदार होस्टिंग ने इस शो को पूरे महाराष्ट्र में एक बड़ा एंटरटेनमेंट फेनॉमेनन बना दिया। जबरदस्त झगड़े, कठिन टास्क, हल्के-फुल्के पल और अनपेक्षित ट्विस्ट्स ने इस सीजन को लगातार रोमांचक बनाए रखा। घर के अंदर लगातार बदलते रिश्ते, धमाकेदार एंट्रीज़ और बड़े विवादों ने दर्शकों की उत्सुकता को हमेशा बनाए रखा।

सीजन 6 अब अपने अंतिम चरण में पहुंच चुका है और ग्रैंड फिनाले 19 अप्रैल को प्रसारित होगा। भावनाएं चरम पर हैं और प्रतियोगिता अपने शिखर पर पहुंच चुकी है। ऐसे में, इस सीजन को खास बनाने वाले पांच अविस्मरणीय पलों पर एक नजर डालते हैं:

1) राखी सावंत की धमाकेदार एंट्री और उसके बाद का राडा
राखी सावंत ने वाइल्डकार्ड एंट्री लेते ही घर में जबरदस्त हलचल मचा दी। राकेश बापट को “एक्स-जीजू” कहने से लेकर पहले ही दिन घर के काम करने से इनकार करने तक, उन्होंने पूरा माहौल बदल दिया। उनके मजेदार ताने, लगातार उकसाने वाला व्यवहार और बदलते रिश्तों ने गेम की दिशा ही बदल दी।

2) राकेश बापट और विशाल कोटियन के बीच बड़ा विवाद
नॉमिनेशन टास्क के दौरान विशाल कोटियन और राकेश बापट के बीच हुआ झगड़ा इस सीजन के सबसे चौंकाने वाले पलों में से एक था। छोटी सी बहस से शुरू हुआ यह विवाद व्यक्तिगत मुद्दों तक पहुंच गया—जिसमें तलाक और उम्र जैसे विषय शामिल हो गए। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया, जिससे सभी हैरान रह गए और बिग बॉस को हस्तक्षेप करना पड़ा।

3) फाइनलिस्ट तन्वी कोलते की ‘टास्क क्वीन’ परफॉर्मेंस
तन्वी कोलते इस सीजन की पहली फाइनलिस्ट बनीं और उन्होंने ‘टास्क क्वीन’ का खिताब पूरी तरह सही साबित किया। लगभग हर टास्क में उन्होंने बेहतरीन प्रदर्शन किया, दो बार कप्तान बनीं और पूरे गेम में निरंतरता बनाए रखी। उनकी खासियत ताकत के साथ दिमाग का इस्तेमाल करते हुए स्मार्ट गेम खेलना रही।

4) दीपाली सय्यद और राखी सावंत की मजेदार केमिस्ट्री
इस सीजन का एक खास आकर्षण दीपाली सय्यद और राखी सावंत की अनोखी केमिस्ट्री रही। कभी तीखे झगड़े तो कभी मजेदार पल—उनका रिश्ता हमेशा अनप्रेडिक्टेबल और मनोरंजक बना रहा। टास्क के दौरान भी उनकी मजेदार जुगलबंदी दर्शकों को खूब पसंद आई।

5) चौंकाने वाले एलिमिनेशन्स और फाइनलिस्ट्स
बिग बॉस मराठी सीजन 6 में कई चौंकाने वाले एलिमिनेशन्स देखने को मिले, खासकर “भाऊ का धक्का” के दौरान, जिसे रितेश देशमुख होस्ट करते थे। रेवा कौरसे, राखी सावंत, सागर करांडे, करण सोनवणे, आयुष संजीव और संकेत पाठक जैसे कंटेस्टेंट्स का अप्रत्याशित बाहर होना दर्शकों को लगातार हैरान करता रहा।

सभी ड्रामा और एलिमिनेशन्स के बाद, अंतिम पांच प्रतियोगी—तन्वी कोलते, राकेश बापट, विशाल कोटियन, अनुश्री माने और दीपाली सय्यद—ने फिनाले में अपनी जगह पक्की कर ली है, जिससे अब ग्रैंड फिनाले और भी ज्यादा रोमांचक हो गया है!

Related Articles

Back to top button