Chhattisgarh

छत्तीसगढ़ के सरकारी मेडिकल कॉलेजों में 11 स्वास्थ्य पाठ्यक्रमों में प्रवेश शुरू, 8 स्नातक और 3 डिप्लोमा कोर्स में मिलेगा मौका

रायपुर, 16 नवंबर 2026 । छत्तीसगढ़ के शासकीय चिकित्सा महाविद्यालयों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए स्वास्थ्य सेवा और सहायक चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े 11 पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया शुरू हो गई है। इनमें आठ स्नातक और तीन डिप्लोमा पाठ्यक्रम शामिल हैं। इन कोर्स के माध्यम से विद्यार्थियों को चिकित्सा और स्वास्थ्य सेवाओं के विभिन्न क्षेत्रों में करियर बनाने का अवसर मिलेगा।

इन पाठ्यक्रमों में फिजिशियन एसोसिएट, रेडियोलॉजी, डायलिसिस, ऑप्टोमेट्री और मेडिकल लैबोरेटरी सहित कई महत्वपूर्ण विषय शामिल हैं। विद्यार्थियों को रोगों की जांच, उपचार में चिकित्सकीय सहयोग, नेत्र परीक्षण, रेडियोलॉजी और स्वास्थ्य संबंधी सूचनाओं के प्रबंधन का व्यावहारिक एवं तकनीकी प्रशिक्षण दिया जाएगा। सभी पाठ्यक्रम राष्ट्रीय संबद्ध एवं स्वास्थ्य सेवा व्यवसाय आयोग (NCAHP) के निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित किए जाएंगे।

स्नातक स्तर के आठ पाठ्यक्रम

स्नातक स्तर पर फिजिशियन एसोसिएट, हेल्थ इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट, मेडिकल रेडियोलॉजी एंड इमेजिंग टेक्नोलॉजी, एनेस्थीसिया एंड ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, रेडिएशन थेरेपी टेक्नोलॉजी, डायलिसिस थेरेपी टेक्नोलॉजी, ऑप्टोमेट्री और मेडिकल लैबोरेटरी साइंस में प्रवेश का अवसर मिलेगा।

डिप्लोमा के तीन कोर्स भी उपलब्ध

डिप्लोमा स्तर पर एनेस्थीसिया एंड ऑपरेशन थिएटर टेक्नोलॉजी, डायलिसिस टेक्नोलॉजी और मेडिकल लैबोरेटरी टेक्नोलॉजी के पाठ्यक्रम शामिल किए गए हैं। इन पाठ्यक्रमों के जरिए विद्यार्थी स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़े तकनीकी और सहायक क्षेत्रों में दक्षता हासिल कर सकेंगे।

चिकित्सा शिक्षा विभाग के संचालक ने इच्छुक अभ्यर्थियों से पाठ्यक्रमवार शैक्षणिक योग्यता, प्रवेश पात्रता, अध्ययन अवधि और अन्य जरूरी जानकारियों के लिए विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.cgdme.in पर जाने की अपील की है। विभाग ने अभ्यर्थियों को प्रवेश से संबंधित प्रमाणिक जानकारी के लिए केवल आधिकारिक शासकीय अधिसूचना पर भरोसा करने की सलाह दी है।

Related Articles

Back to top button