गंडई में उफनती नदी में कूदा थाना प्रभारी, तेज बहाव में फंसी कार से पांच लोगों को बचाया

राजनांदगांव, 26 सितंबर 2026। छत्तीसगढ़ में लगातार हो रही बारिश के बीच गंडई थाना क्षेत्र में एक बड़ा हादसा टल गया। दनिया पुल के पास बाढ़ के तेज बहाव में एक कार फंस गई, जिसमें पांच लोग सवार थे। सूचना मिलते ही गंडई थाना प्रभारी निरीक्षक शिवशंकर गेंडले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और अपनी जान की परवाह किए बिना उफनती नदी में छलांग लगाकर कार में फंसे पांचों लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
घटना 26 सितंबर की रात करीब 2.30 से 3 बजे के बीच की बताई जा रही है। रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र निवासी पांच दोस्त कुबेर, कमलेश, निहाल, महक और प्रीति कार से रायपुर से कान्हा-किसली, मध्यप्रदेश घूमने जा रहे थे। इसी दौरान वे गंडई थाना क्षेत्र के दनिया पुल के पास पहुंचे। लगातार बारिश के कारण नदी का जलस्तर काफी बढ़ा हुआ था और पुल के ऊपर से पानी तेज बहाव के साथ गुजर रहा था।रात के अंधेरे में पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा नहीं लग पाने के कारण कार पुलिस स्टॉपर से टकराकर पुल से नीचे उतर गई और तेज बहाव में फंस गई। देखते ही देखते कार पानी में डूबने लगी। कार में सवार पांचों लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर पास के एक पेड़ की टहनी पकड़ ली और डायल-112 के माध्यम से पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी शिवशंकर गेंडले पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। नदी का बहाव बेहद तेज था और रात के अंधेरे के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन काफी चुनौतीपूर्ण था। हालात की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी ने बिना समय गंवाए नदी में छलांग लगा दी। उन्होंने तेज बहाव के बीच पहुंचकर पेड़ की टहनी के सहारे फंसे पांचों लोगों को एक-एक कर सुरक्षित बाहर निकाला।थाना प्रभारी की तत्परता और साहस से पांचों लोगों की जान बच गई और एक बड़ा हादसा टल गया। आधी रात को उफनती नदी में अपनी जान जोखिम में डालकर किए गए इस रेस्क्यू ऑपरेशन की इलाके में चर्चा हो रही है। लगातार बारिश के कारण नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने को देखते हुए लोगों से जलभराव वाले पुल-पुलियों को पार नहीं करने और ऐसे स्थानों पर जोखिम नहीं उठाने की अपील की गई है।




