National

पन्ना : हीरा खदान धंसकने से महिला गंभीर रूप से घायल

पन्ना, 14 अक्टूबर । हीरा नगरी पन्ना जिले के विश्रामगंज डैम आरामगंज के आसपास हजारों लोगों द्वारा दो महीनों से हीरा खोजने का कार्य अवैध रूप से जारी है, लेकिन जिला प्रशासन मूक दर्शक बना हुआ है। इस अवैध कारोबार को बंद कराने के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किये जा रहे हैं। यहां तक कि लोग निर्माणाधीन बांध के पास रुंझ नदी के किनारे व आसपास के क्षेत्र में झोपड़ी बनाकर रात दिन निवासरत है। वहां पर आये दिन छोटी-मोटी घटनाएं घटित होती रहती है, परंतु 13 अक्टूबर को दोपहर में एक अप्रत्याशित घटना घटित हो गयी, जिसका किसी को अंदाज भी नही था। हीरे की तलाश करने के लिए चाल खोदते समय खदान खिसकने से एक 35 वर्षीय महिला मिट्टी के ढेर में बुरी तरह फस गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सुमन बाई पटेल पति बाबूलाल पटेल उम्र 35 वर्ष निवासी जैतपुर टपरीयन थाना अमानगंज निर्माणाधीन रुंझ बांध के समीप हीरे की चाल खोदकर हीरा निकालने अपने पति व आसपास के लोगो के साथ आई हुई थी। हीरे की चाल निकालते समय खदान एकदम से खिसक गई , जिससे महिला उस खदान मे बुरी तरह से फस गयी। जिसे आसपास के लोगो द्वारा कड़ी मशक्कत के बाद निकाला गया। महिला के सारे शरीर मे गंभीर छोटे आयी थी। वहां उपस्थित लोगों ने महिला को ढेर से निकालकर आनन–फानन में गंभीर हालत में जिला चिकित्सालय पन्ना में भर्ती करवाया। उसकी हालत काफी नाजुक होने की वजह से प्राथमिक उपचार के बाद महिला को मेडिकल कॉलेज रीवा के लिए रेफर कर दिया गया।

यह भी पढ़े:- ट्रेवल्स बस में सीटों के नीचे नौ पैकेट में मिली एक क्विंटल से अधिक चांदी, यूपी से अहमदाबाद ले जा रहा था युवक

बांध के भराव क्षेत्र व वन भूमि में वन विभाग द्वारा सर्किल अमले को लेकर मात्र एक-दो दिन लोगो को समझाइश दी गयी थी एवं जंगल की ओर जाने वाले मुख्य मार्गो में उनके द्वारा बड़ी-बड़ी खाई भी खोदी गयी थी। परन्तु हीरा तलाश करने वालो पर वन विभाग की समझाइश व अवरोध का कोई असर नही पड़ा।

Related Articles

Back to top button