अजीत अगरकर आखिरी बार चुनेंगे टीम इंडिया, रोहित शर्मा मामले की वजह से छोड़ सकते हैं चीफ सेलेक्टर का पद

नई दिल्ली,16 सितंबर : भारतीय मेंस क्रिकेट टीम के चीफ सेलेक्टर के तौर पर 16 सितंबर अजीत अगरकर का आखिरी दिन हो सकता है. 16 सितंबर को अजीत अगरकर की अगुवाई वाली सेलेक्शन कमेटी आखिरी बार टीम इंडिया को चुनने बैठ सकती है. ये सेलेक्शन वेस्टइंडीज के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए होना है, जिसका आगाज 27 सितंबर से होगा. पहले कहा ये जा रहा था कि बतौर चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर के कार्यकाल को आगे बढ़ाया जा सकता है. लेकिन अब ऐसी खबरें हैं कि अजीत अगरकर बतौर चीफ सेलेक्टर आखिरी बार टीम इंडिया का सेलेक्शन करेंगे. मतलब वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज के लिए टीम चुनने के साथ ही वो अपना चीफ सेलेक्टर का पद भी छोड़ देंगे.
रोहित शर्मा वाले मामले से अजीत अगरकर दुखी- रिपोर्ट
अजीत अगरकर का चीफ सेलेक्टर के तौर पर कार्यकाल अक्टूबर में खत्म हो रहा है. खबरें तो यही थी कि उनके कार्यकाल को 2027 वर्ल्ड कप तक के लिए बढ़ाया जाएगा. लेकिन माना ये जा रहा है कि अजीत अगरकर, रोहित शर्मा वाले मामले में BCCI के हस्तक्षेप से दुखी हैं और अब वो अपने कार्यकाल को जारी नहीं रखना चाहते. खेल पत्रकार अभिषेक त्रिपाठी की रिपोर्ट के अनुसार 16 सितंबर को होने वाली सेलेक्शन कमिटी की मीटिंग 99 प्रतिशत अजीत अगरकर की आखिरी मीटिंग होगी.
क्या है रोहित शर्मा वाला मामला?
अब सवाल ये है कि रोहित शर्मा वाला पूरा मैटर क्या है, जिससे अगरकर के आहत होकर पद छोड़ने की खबरें हैं? जुलाई में हुए इंग्लैंड दौरे पर ये खबर सामने आई थी कि सेलेक्टर्स ने रोहित से बात कर उन्हें बताया है कि वे उनसे आगे बढ़ने की सोच रहे हैं. लेकिन, बाद में BCCI सेक्रेटरी देवजीत सैकिया ने उस खबर का खंडन कर दिया था. BCCI सेक्रेटरी ने मामले में हस्तक्षेप करते हुए तब कहा था कि रोहित भारत की वनडे योजनाओं का हिस्सा बने रहेंगे.
इंग्लैंड दौरे पर कार्डिफ में खेले दूसरे वनडे में 47 गेंदों पर 26 रन बनाने के बाद रोहित के वनडे भविष्य को लेकर चर्चा तेज़ हो गई थी. इंग्लैंड दौरे से पहले अफगानिस्तान के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज में भी रोहित का प्रदर्शन औसत रहा था, जहां उन्होंने 16, 48 और 79 रन बनाए थे. हालांकि, रोहित ने लॉर्ड्स में खेली पिछली वनडे इनिंग में शतक लगाया है.




