SECL मुख्यालय में धूमधाम से मनाया गया कोल इंडिया और छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस, अधिकारियों-कर्मचारियों ने लिया विकास का संकल्प

बिलासपुर, 01 नवंबर। साउथ ईस्टर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (एसईसीएल) मुख्यालय बिलासपुर में रविवार, 1 नवंबर 2026 को 52वां कोल इंडिया स्थापना दिवस और 26वां छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में एसईसीएल के वरिष्ठ अधिकारियों, विभागाध्यक्षों, श्रमसंघ प्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में अधिकारी-कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में एसईसीएल के निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास, मुख्य सतर्कता अधिकारी हिमांशु जैन, निदेशक (तकनीकी संचालन) रमेश चंद्र महापात्र और निदेशक (तकनीकी योजना एवं परियोजना) नृपेंद्र नाथ विशेष रूप से उपस्थित रहे।
समारोह की शुरुआत शहीद स्मारक, भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की प्रतिमा और खनिक प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद कोल इंडिया का ध्वज फहराया गया। कार्यक्रम में कोल इंडिया के कॉर्पोरेट गीत के साथ छत्तीसगढ़ राज्य गीत ‘अरपा पैरी के धार’ की प्रस्तुति दी गई।
छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत और कृषि परंपराओं के सम्मान में राज्य की माटी, मानचित्र, हल और धान की बालियों की विधिवत पूजा-अर्चना भी की गई। इस आयोजन के माध्यम से प्रदेश की गौरवशाली संस्कृति और श्रम परंपरा के प्रति सम्मान प्रकट किया गया।

इस अवसर पर निदेशक (मानव संसाधन) बिरंची दास ने कोल इंडिया और छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि कोल इंडिया देश की ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है। उन्होंने छत्तीसगढ़ के विकास में एसईसीएल के योगदान को रेखांकित करते हुए कहा कि गेवरा और कुसमुंडा जैसी विश्व की प्रमुख कोयला खदानें प्रदेश की औद्योगिक क्षमता की पहचान हैं।
उन्होंने कहा कि एसईसीएल केवल कोयला उत्पादन तक सीमित नहीं है, बल्कि शिक्षा, स्वास्थ्य और सामुदायिक विकास के क्षेत्र में भी लगातार महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

कार्यक्रम के दौरान कोल इंडिया की गौरवशाली विकास यात्रा, देश की ऊर्जा आत्मनिर्भरता में उसके योगदान और छत्तीसगढ़ के सामाजिक, सांस्कृतिक एवं औद्योगिक विकास में एसईसीएल की भूमिका पर प्रकाश डाला गया। समारोह के अंत में सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने कोल इंडिया एवं छत्तीसगढ़ राज्य की निरंतर प्रगति के लिए समर्पण, सामूहिक प्रयास और उत्कृष्ट कार्यसंस्कृति के साथ योगदान देने का संकल्प लिया।




