स्टेट बैडमिंटन टूर्नामेंट के मेन ड्राॅ में कोरबा का प्रतिनिधित्व करेंगे अन्वेषा, देवांशी, निमित और अमन

कोरबा, 26 अक्टूबर। इसी माह 30 अक्टूबर से 4 नवंबर के मध्य रायगढ़ में योनेक्स सनराइज 25वीं राज्य स्तरीय अंडर 15 एवं अंडर 17 बालक-बालिका वर्ग बैडमिंटन प्रतियोगिता आयोजित होगी। राज्य की स्पर्धा में कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करते हुए सीधे मेन ड्राॅ की जगह पक्की करने बीते रविवार जिले की चयन प्रतियोगिता रखी गई थी।
कोरबा जिला बैडमिंटन संघ के तत्वावधान में आयोजित सिलेक्शन ट्रायल में अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए अंडर 15 बालिका वर्ग में अन्वेषा निर्मलकर, अंडर 17 बालिका वर्ग में देवांशी बरेठ विजेता रहीं। इसी तरह अंडर 15 बालक वर्ग में निमित चैरसिया और अंडर 17 बालक वर्ग में अमन स्वर्णकार विजेता रहे। अगले चरण की प्रतिस्पर्धा में प्रवेश करते हुए सिलेक्शन ट्रायल के सभी विजेता खिलाड़ी अब रायगढ़ में निर्धारित राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में सीधे मेन ड्रॉ में खेलने के लिए क्वालीफाई कर लिया है, जहां वे कोरबा जिले का प्रतिनिधित्व करेंगे।
छत्तीसगढ़ बैडमिंटन संघ के दिशा-निर्देश अनुसार केडीबीए द्वारा यह चयन स्पर्धा एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के खेल परिसर में किया गया। इसमें जिले के लगभग 35 खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता में अंडर 15 बालिका वर्ग में सोनाली फेलिक्स उपविजेता और अन्वेषा निर्मलकर विजेता रहीं। अंडर 17 बालिका वर्ग में श्रेष्ठा साहू उपविजेता और देवांशी बरेठ विजेता रहीं। अंडर 15 बालक वर्ग में वैभव चंद्रा उपविजेता और निमित चैरसिया विजेता रहे। अंडर 17 बालक वर्ग में वैभव चन्द्रा उपविजेता और अमन स्वर्णकार विजेता रहे। इस प्रतियोगिता में विजेता खिलाड़ी रायगढ़ में सीधे मेन ड्रॉ में खेलने के लिए पात्र होंगे।
कार्यक्रम को सफल बनाने में एकलव्य स्पोर्ट्स एरिना के अध्यक्ष डॉ संजय अग्रवाल, कोरबा जिला बैडमिंटन संघ के सचिव मनीष गुप्ता, वरिष्ठ उपाध्यक्ष गोपाल शर्मा, सदस्य श्याम किशोर अग्रवाल, अमरजीत सिंह, गौतम साहू और कल्पना फेलिक्स एवं अन्य सदस्यों तथा सुचारु रूप से मैच कराने में अमरजीत, करन और शादाब ने अपना बहुमूल्य योगदान दिया। प्रतियोगिता के दौरान बड़ी संख्या में अभिभावक गण की उपस्थिति रही।




