Chhattisgarh

अजगरबहार के नर्मदा गांव में कथित गोवंश वध से तनाव, एक संदिग्ध हिरासत में

कोरबा। बालको थाना क्षेत्र अंतर्गत वनांचल ग्राम पंचायत अजगरबहार के नर्मदा गांव में कथित गोवंश वध की घटना सामने आने के बाद क्षेत्र में तनाव का माहौल बन गया। घटना की जानकारी शनिवार सुबह फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीणों के साथ बजरंग दल के कार्यकर्ता मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने पर बालको थाना पुलिस भी तत्काल घटनास्थल पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया।

मौके पर गोवंश का सिर, खाल तथा मांस के टुकड़े मिलने की बात सामने आई, जिससे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। इस दौरान लोगों ने घटना के विरोध में नारेबाजी की। बढ़ते तनाव को देखते हुए पुलिस ने लोगों को समझाइश देकर शांत कराया तथा घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए।

पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही घटना में अन्य लोगों की संलिप्तता और पूरे घटनाक्रम की जांच भी की जा रही है।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है तथा जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

घटना के बाद गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति एवं सौहार्द बनाए रखने, अफवाहों पर ध्यान न देने तथा कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। अधिकारियों का कहना है कि निष्पक्ष जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Related Articles

Back to top button