हत्या के प्रयास के मामले में आरोपी रज्जाक अली गिरफ्तार, न्यायिक रिमांड पर जेल भेजा गया

गवाहों को धमकाने का भी आरोप, जिला बदर और एनएसए के तहत कार्रवाई की तैयारी
कोरबा, 19 जून। हत्या के प्रयास के एक गंभीर मामले में कोरबा पुलिस ने आदतन अपराधी एवं गुंडा बदमाश रज्जाक अली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध गवाहों को धमकाने तथा न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयास के मामले में भी अलग से अपराध दर्ज किया है।
पुलिस के अनुसार, 15 जून 2026 को थाना सिविल लाइन रामपुर में अपराध क्रमांक 550/2026 के तहत रज्जाक अली एवं उसके साथियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) तथा आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया था।
प्रार्थी शिवबालक सिंह तोमर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जिला जेल कोरबा के समीप पुरानी रंजिश के चलते आरोपी एवं उसके साथियों ने उसका रास्ता रोककर गाली-गलौज की, जान से मारने की धमकी दी तथा लोहे के डंडों और अन्य हथियारों से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। हमले में प्रार्थी के दोनों पैरों सहित शरीर के अन्य हिस्सों में चोटें आई थीं।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपी रज्जाक अली को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी द्वारा मामले के गवाहों और संबंधित व्यक्तियों को लगातार धमकाया जा रहा था तथा उनके बयान बदलवाने और न्यायिक प्रक्रिया को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा था। इस संबंध में पुलिस ने आरोपी के विरुद्ध पृथक अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार रज्जाक अली के खिलाफ जिले के विभिन्न थानों में पिछले लगभग तीन दशकों के दौरान हत्या, हत्या का प्रयास, लूट, बलवा, मारपीट, आगजनी, अवैध हथियार रखने, मादक पदार्थ संबंधी अपराध, लोक सेवक के कार्य में बाधा तथा अन्य गंभीर अपराधों के अनेक मामले दर्ज हैं।
आरोपी की लगातार आपराधिक गतिविधियों तथा कानून-व्यवस्था के लिए खतरा बनने वाली प्रवृत्तियों को देखते हुए कोरबा पुलिस ने उसके विरुद्ध जिला बदर (एक्सटर्नमेंट) की कार्रवाई के लिए प्रतिवेदन तैयार कर जिलाधीश कार्यालय भेज दिया है। वहीं उसकी आपराधिक पृष्ठभूमि को देखते हुए राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम (एनएसए) के तहत भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने कहा है कि जिले में कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले एवं आपराधिक गतिविधियों में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।





