‘स्वयंभू’ टीम ने ‘बाहुबली’ और ‘आरआरआर’ के सिनेमैटोग्राफर के.के. सेंथिल कुमार को जन्मदिन की शुभकामनाएं दीं; जल्द होगी रिलीज़ डेट की घोषणा

मुंबई। कार्तिकेय 2 से मशहूर अभिनेता निखिल सिद्धार्थ की फिल्म ‘स्वयंभू’ को लेकर दर्शकों में जबरदस्त उत्साह है। फिल्म के टीज़र और पहले गाने ‘रा रा धीवरा’ को शानदार प्रतिक्रिया मिली है, जिसने दर्शकों को फिल्म की भव्य दुनिया की पहली झलक दिखाई है।
‘स्वयंभू’ भारतीय सिनेमा की सबसे बहुप्रतीक्षित फिल्मों में से एक बन चुकी है। कार्तिकेय 2 फेम निखिल सिद्धार्थ इस फिल्म में अब तक के अपने सबसे दमदार और बिल्कुल नए अंदाज़ में नज़र आएंगे। फिल्म की घोषणा के बाद से ही इसे लेकर दर्शकों के बीच काफी चर्चा है। फिल्म के टीज़र में इसकी भव्यता, बड़े पैमाने पर तैयार किए गए दृश्य और दिलचस्प कहानी की झलक देखने को मिली, जिसे दर्शकों ने खूब पसंद किया। इसके बाद से फिल्म की रिलीज़ का इंतज़ार और भी बढ़ गया है।
इसी उत्साह के बीच फिल्म की टीम ने मशहूर सिनेमैटोग्राफर के.के. सेंथिल कुमार को उनके जन्मदिन पर खास अंदाज़ में शुभकामनाएं दीं। टीम ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा किया, जिसमें ‘स्वयंभू’ के सेट से शूटिंग के दौरान के कई बिहाइंड-द-सीन्स पल दिखाए गए हैं। वीडियो में के.के. सेंथिल कुमार कलाकारों और पूरी टीम के साथ नज़र आ रहे हैं।
निर्माताओं ने बताया कि ‘बाहुबली’, ‘मगधीरा’ और ‘आरआरआर’ जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों को अपनी शानदार सिनेमैटोग्राफी से यादगार बनाने वाले के.के. सेंथिल कुमार अब ‘स्वयंभू’ की भव्य दृश्य दुनिया तैयार कर रहे हैं। उन्होंने फिल्म को एक नए स्तर तक पहुंचाने में उनके योगदान की सराहना की और साथ ही यह भी संकेत दिया कि फिल्म की रिलीज़ डेट की घोषणा जल्द की जाएगी।
वीडियो शेयर करते हुए निर्माताओं ने लिखा,”हमारे डीओपी के.के. सेंथिल कुमार गरु को जन्मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।
आपकी दूरदर्शी सोच ‘स्वयंभू’ के हर फ्रेम को एक भव्य सिनेमाई अनुभव बना रही है। हम आपके उज्ज्वल भविष्य और आने वाले कई बेहतरीन मास्टरपीस की कामना करते हैं।
फिल्म की रिलीज़ डेट की घोषणा जल्द होगी।”
भारत के स्वर्णिम इतिहास की पृष्ठभूमि पर आधारित ‘स्वयंभू’ का टीज़र विरासत, वीरता और सांस्कृतिक गौरव से भरपूर कहानी की झलक दिखाता है। फिल्म की कहानी के केंद्र में सेंगोल का महत्वपूर्ण प्रतीक है, जो सम्मान, परंपरा और विरासत को दर्शाता है। टीज़र में निखिल सिद्धार्थ बेहद दमदार और प्रभावशाली अंदाज़ में दिखाई देते हैं। शानदार दृश्य, रोमांचक ड्रामा और जबरदस्त एक्शन से भरपूर यह टीज़र दर्शकों पर गहरी छाप छोड़ता है।
इस फिल्म से भारतीय फिल्म इंडस्ट्री के कई बड़े और प्रतिभाशाली कलाकार व तकनीशियन जुड़े हैं। फिल्म का निर्देशन भरत कृष्णमाचारी ने किया है। संगीत केजीएफ और सलार फेम रवि बसरूर ने दिया है। सिनेमैटोग्राफी ‘बाहुबली’ और ‘आरआरआर’ फेम के.के. सेंथिल कुमार ने संभाली है, जबकि एडिटिंग ‘बाहुबली’ फेम तम्मीराजू ने की है। इसके अलावा भी कई नामी तकनीशियन इस फिल्म का हिस्सा हैं। करीब 170 दिनों तक चली शूटिंग के साथ यह हाल के वर्षों की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्मों में से एक मानी जा रही है।
‘स्वयंभू’ का निर्माण पिक्सेल स्टूडियोज़ के भुवन और श्रीकर ने किया है। भारत के समृद्ध इतिहास और गौरवशाली विरासत को समर्पित यह भव्य फिल्म 2026 में दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी।




