Chhattisgarh

सेवा संकल्प अभियान: एचटीपीएस में जल संरक्षण के उपायों पर अधिकारियों-कर्मचारियों को किया जागरूक

कोरबा, 30 सितंबर 2026। सेवा, सहयोग और जनभागीदारी की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से प्रदेशभर में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत हसदेव ताप विद्युत गृह (एचटीपीएस), कोरबा पश्चिम में जल संरक्षण को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान अधिकारियों और कर्मचारियों को जल संरक्षण एवं संवर्धन के विभिन्न उपायों की जानकारी दी गई।

एचटीपीएस के ओआरटी सभाकक्ष क्रमांक-1 में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य रसायनज्ञ देवेश दुबे ने जल संरक्षण एवं संवर्धन विषय पर पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन के माध्यम से महत्वपूर्ण जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि पृथ्वी पर स्वच्छ जल सीमित मात्रा में उपलब्ध है और जलस्रोतों के संरक्षण के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी हैं।

प्रेजेंटेशन के दौरान जल के विवेकपूर्ण उपयोग, पानी की बर्बादी रोकने और जलस्रोतों के पुनरुद्धार पर विशेष जोर दिया गया। देवेश दुबे ने बताया कि खुले नलों को बंद रखना, नलों में होने वाले रिसाव को तत्काल ठीक कराना और बेहतर सिंचाई प्रणाली अपनाना जल संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।

उन्होंने वर्षा जल संचयन, पौधरोपण और प्रदूषित जलाशयों की सफाई को जलस्रोतों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन के प्रभावी उपाय बताया। साथ ही नदियों, आर्द्रभूमि और भूजल स्रोतों को संरक्षित करने की आवश्यकता पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में अतिरिक्त मुख्य अभियंता एमके गुप्ता, आरके पांडे, एके शाह, केएनबी राव, एसके नायर, एससी पाठक, परियोजना प्रबंधक एसके पंड्या, वरिष्ठ मुख्य रसायनज्ञ एके कुरनाल सहित बड़ी संख्या में अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।

सेवा संकल्प अभियान के तहत एचटीपीएस कोरबा पश्चिम द्वारा सामाजिक सरोकार, पर्यावरण संरक्षण और जनहित से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों में सक्रिय सहभागिता की जा रही है। कार्यक्रम में जल संरक्षण को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने का संदेश दिया गया।

Related Articles

Back to top button