Chhattisgarh

सरगबुंदिया में विशेष ग्राम सभा का बहिष्कार, पंचायत भवन के बाहर जुटे ग्रामीण

कोरबा,02 अक्टूबर 2026। जनपद पंचायत करतला अंतर्गत ग्राम पंचायत सरगबुंदिया में 2 अक्टूबर को आयोजित विशेष ग्राम सभा को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी देखने को मिली। ग्रामीणों ने विशेष ग्राम सभा का बहिष्कार करते हुए पंचायत भवन के बाहर बड़ी संख्या में एकत्र होकर अपनी आपत्ति दर्ज कराई। ग्रामीणों का कहना है कि पंचायत स्तर पर कई महत्वपूर्ण मुद्दों को लेकर लंबे समय से सवाल उठाए जा रहे हैं, लेकिन इन पर ग्राम सभा में अपेक्षित जानकारी और चर्चा नहीं हो रही है।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न शासकीय योजनाओं और पंचायत के कार्यों में कथित अनियमितता एवं लापरवाही के मामले सामने आए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इन मामलों की जानकारी ग्राम सभा के समक्ष रखी जानी चाहिए, ताकि पंचायत के कार्यों में पारदर्शिता बनी रहे और ग्रामीणों को योजनाओं एवं विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति की जानकारी मिल सके।

ग्रामीणों के अनुसार, पंचायत के विभिन्न कार्यों और योजनाओं से संबंधित जानकारी को लेकर कई बार सवाल उठाए गए हैं। इसके बावजूद संबंधित मुद्दों पर स्पष्ट स्थिति सामने नहीं आने से ग्रामीणों में असंतोष बढ़ा है। इसी नाराजगी के चलते ग्रामीणों ने विशेष ग्राम सभा में शामिल नहीं होने का निर्णय लिया और पंचायत भवन के बाहर एकत्र होकर अपनी मांगों और आपत्तियों को सामने रखा।

ग्रामीणों और सरपंच के बीच विभिन्न मुद्दों को लेकर सहमति नहीं बन पाने के कारण पंचायत भवन परिसर में स्थिति कुछ समय तक तनावपूर्ण बनी रही। बड़ी संख्या में ग्रामीण पंचायत भवन के बाहर मौजूद रहे और ग्राम सभा शुरू होने की स्थिति का इंतजार करते रहे। ग्रामीणों के विरोध के चलते समाचार लिखे जाने तक विशेष ग्राम सभा शुरू नहीं हो सकी थी।

मामले में सरपंच का पक्ष जानने का प्रयास किया गया। इस पर सरपंच ने कहा, “ग्राम सभा शुरू ही नहीं हुआ है, तो मैं क्या बयान दूं।”

अब ग्रामीणों की शिकायतों और लगाए गए आरोपों पर पंचायत एवं संबंधित प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से क्या कार्रवाई की जाती है, यह महत्वपूर्ण होगा। ग्रामीणों ने पंचायत के कार्यों में पारदर्शिता और विभिन्न योजनाओं की जानकारी सार्वजनिक किए जाने की मांग की है। प्रशासन की जांच या आगामी ग्राम सभा में इन मुद्दों पर स्थिति स्पष्ट होने की उम्मीद है।

Related Articles

Back to top button